{"_id":"656e096d5781914b82064015","slug":"due-to-lack-of-radiographer-x-ray-machine-became-junk-in-odhan-chc-sirsa-news-c-128-1-sir1002-11070-2023-12-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sirsa News: रेडियोग्राफर न होने से ओढां सीएचसी में कबाड़ बनी एक्स-रे मशीन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sirsa News: रेडियोग्राफर न होने से ओढां सीएचसी में कबाड़ बनी एक्स-रे मशीन
विज्ञापन
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ओढां।
विज्ञापन
ओढां। सरकार की ओर से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दम भरा जा रहा है लेकिन गांव ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की हालत बेहद खराब है। करीब 31 गांवों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने वाले सीएचसी में एक्स-रे की सुविधा ही नहीं है। ऐसा तब है जब एक्सरे मशीन है लेकिन रेडियोग्राफर नहीं है। लंबे समय से रेडियोग्राफर के इंतजार में ये मशीन कमरे में पड़ी धूल फांकती रही। जब कोई रेडियोग्राफर नहीं आया तो मशीन कबाड़ बन गई। ऐसे में सीएचसी में आने वाले मरीजों को एक्स-रे के लिए मजबूरन निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है।
हर माह 100 से अधिक मरीज एक्स-रे के लिए आते हैं लेकिन सुविधा न होने के चलते उन्हें मजबूरन महंगे दामों पर निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों से एक्स-रे करवाना पड़ता है। सीएचसी में पहले एक्स-रे होतेे थे लेकिन रेडियोग्राफर के तबादले के बाद यह सुविधा पिछले करीब सात वर्षों से बंद पड़ी है। लोगों का कहना है कि जब पूरी सुविधाएं ही नहीं मिल रहीं तो फिर स्वास्थ्य केंद्र कैसा।
विज्ञापन
उन्होंने मांग की कि सीएचसी में रेडियोग्राफर की नियुक्ति कर एक्स-रे सुविधा शुरू की जाए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन दिसंबर को पूरे प्रदेश में नए रेडियोग्राफर कर्मचारियों की पोस्टिंग की सूची जारी की गई है। इसमें कुल 117 रेडियोग्राफर शामिल हैं। इनमें से सिरसा जिला को मात्र एक रेडियोग्राफर दिया गया जिसकी पोस्टिंग डबवाली के नागरिक अस्पताल में की गई है।
विज्ञापन
रेडियोग्राफर कर्मचारी को तैनात करना विभाग का काम है। हमारा काम विभाग को अवगत करवाना है। हम समय-समय पर अपनी रिपोर्ट में विभाग को अवगत करवाते रहते हैं। - डॉ. सुमित जैन, कार्यवाहक एसएमओ (सीएचसी ओढां)
डबवाली में रेडियोग्राफर की पोस्टिंग की मांग हमने विधानसभा में उठाई थी। इसके बाद सरकार ने नई सूची में डबवाली में एक रेडियोग्राफर की नियुक्ति की। हमें ओढां के सीएचसी की स्थिति पता है। इस समस्या को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से बात की जाएगी। - अमित सिहाग, विधायक (हलका डबवाली)