कुतियाना माइनर पर डबल मर्डर मामले के पांचों हत्यारोपियों को शनिवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी गांव बेगू निवासी निर्मल, सिरसा के प्रीत नगर निवासी गुलशन, नटार निवासी साहिल, रंगड़ी खेड़ा निवासी कृष्ण व मेला ग्राउंड निवासी दीपक से निशानदेही करवाएगी। फरार आरोपी गोकुल के ठिकानों पर सीआईए की टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आज रात तक गोकुल उसकी गिरफ्त में होगा। बता दें कि सीआईए पुलिस ने शुक्रवार को इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए हत्याकांड में शामिल छह आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया था। डीएसपी राजेश कुमार ने पत्रकार वार्ता में खुलासा किया कि गोशाला मोहल्ला निवासी जितेंद्र व रामगढ़ निवासी अमन की हत्या उसके ही छह दोस्तों ने की थी। 4 सितंबर को अमन का बेगू गांव निवासी निर्मल के साथ झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश के चलते बुधवार शाम को निर्मल ने अपने साथी गुलशन, साहिल, कृष्ण, दीपक व गोकुल के साथ मिलकर अमन से बदला लेने की योजना बनाई। निर्मल की योजना के मुताबिक निर्मल व अन्य दोस्तों ने अमन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जितेंद्र उसे बचाने लगा तो गोकुल, साहिल व कृष्ण ने उस पर हमला बोला। बचने के लिए जितेंद्र माइनर में कूद गया, उसके पीछे ही गोकुल, साहिल व कृष्ण भी माइनर में कूद गए और तेजधार हथियार से जितेंद्र पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी।