सिरसा: दीवार तोड़ बैंक में घुसे चोर, तिजोरी पर चलाया कटर, काट नहीं सके तो लैपटॉल ले उड़े, बच गए 15 लाख
घटना पर सवाल उठते है कि बैंक में 8-8 घंटे की ड्यूटी पर तीन गार्ड है, लेकिन घटना के वक्त कहां गार्ड कहां था। वारदात स्थल से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस नाका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सिरसा के गांव पन्नीवाला मोटा में बुधवार देर रात चोरों ने निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक में सेंध लगा चोरी करने का प्रयास किया। तिजोरी नहीं तोड़ पाने के कारण चोर जाते-जाते एक लैपटॉप व एक अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। वहीं बैंक में सेंध लगने की सूचना पाकर बडागुढ़ा व ओढां पुलिस के अलावा सीआईए सिरसा तथा कालांवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची।वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
गांव पन्नीवाला मोटा में पुलिस नाके से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही एचडीएफसी बैंक की शाखा स्थित है। चोरी बैंक के पिछले हिस्से में दीवार को नीचे से न तोड़ पाने पर छत के करीब से तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरों की हरकत बैंक के अंदर लगे कैमरों में कैद हो गई। फुटेज देखने पर पता चलता है कि चोर रात को करीब सवा 12 बजे बैंक में दाखिल हुए।
जिस जगह बैंक की तिजोरी रखी हुई थी उस केबिन मे लगे कैमरे पर चोरों ने मिट्टी लगा दी। इसके बाद चोरों ने कटर की सहायता से तिजोरी को काटना शुरू किया। फुटेज में 4 लोग दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने तिजोरी पर 2 जगह कटर चलाया, लेकिन तिजोरी नहीं तोड़ सके। घटना के बाद फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व सीन ऑफ क्राइम की टीमों ने तथ्य जुटाए।
कटर चला पर गार्ड साथ की दुकान में सो रहा था
इस घटना ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक में तीन गार्ड हैं, जिनकी 8-8 घंटे की ड्यूटी होती है। घटना के समय गार्ड संदीप ड्यूटी पर था। गार्ड बैंक के निकट ही स्थित एक दुकान में सो रहा था। बड़ा सवाल ये है कि चोरों ने 2 जगह से दीवार तोड़ी और फिर तिजोरी पर कटर चलाया। लेकिन गार्ड को इसकी भनक तक नहीं लगी।
गार्ड संदीप का तर्क है कि उसने रात्रि 2 बजकर 14 मिनट पर न केवल अपने मोबाइल पर हाजिरी लगाई थी अपितु वह लघुशंका के लिए बाहर भी आया था। इसके बावजूद भी उसे घटना का पता नहीं चला। इस घटना की जानकारी गार्ड को वीरवार सुबह साथ लगती लाइब्रेरी के संचालक ने दी तो उसने बैंक प्रबंधन को सूचना दी।
बैंक की जगह पहले लाइब्रेरी की दीवार तोड़ी
रात के अंधेरे में चोरों ने पहले बैंक की दीवार की जगह साथ लगती लाइब्रेरी की दीवार तोड़ दी। जब उन्हें अपनी भूल का अहसास हुआ तो इसके बाद बैंक की दीवार को तोड़ा। इस पूरी कवायद में बैंक के गार्ड की लापरवाही सामने आ रही है। दो दीवारें टूटी और तिजोरी पर कटर चला, लेकिन गार्ड और किसी अन्य को पता नहीं चला।
पुलिस ने किया था पहले ही सचेत
इस मामले में गार्ड के साथ-साथ बैंक प्रबंधन की भी लापरवाही सामने आई है। हालांकि ये घटना बडागुढ़ा थाना क्षेत्र की है, लेकिन साथ लगता क्षेत्र ओढां का होने के चलते कुछ समय पूर्व ओढां थाना प्रभारी काशीराम बैनीवाल ने सुरक्षा के मद्देनजर उक्त बैंक का निरीक्षण किया था। उन्होंने बैंक प्रबंधक को बैंक के पिछले हिस्से की दीवार को लेकर चेतावनी भी दी थी। लेकिन फिर भी बैंक प्रबंधन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इस बारे जब बैंक प्रबंधक कपिल मेहता से जब पूछा गया तो उन्होंने थाना प्रभारी की बात को स्वीकार तो किया, लेकिन वे पल्ला झाड़ते नजर आए।
पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण करते हुए बैंक प्रबंधन से जानकारी ली। जिस जगह से चोरों ने सेंध लगाई थी बैंक की वो दीवार न केवल पुरानी थी बल्कि वह गारे से बनी हुई थी। एसपी ने अधीनस्थों को निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं उन्होंने ओढां व बडागुढ़ा थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लें।
तिजोरी में रखी नकदी सुरक्षित है। इस मामले में गार्ड की भी लापरवाही है। चोर एक लैपटॉप व एक अन्य उपकरण ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की विभिन्न एंगल से गहनता से जांच की जा रही है। - अवतार सिंह, थाना प्रभारी बडागुढ़ा।