{"_id":"8d758090c10faee4a19413f20cb5b0d2","slug":"honor-our-defense-she-threatened-us-to-collect-money-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"साहब हमारी रक्षा करो, वो हमें धमकाकर पैसे वसूलते हैं","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
साहब हमारी रक्षा करो, वो हमें धमकाकर पैसे वसूलते हैं
अमर उजाला सिरसा/ब्यूरो
Updated Sun, 07 Feb 2016 01:28 AM IST
विज्ञापन
दबंगों से परेशान सैकड़ों दलित परिवारों ने शनिवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई। गांव मौजूखेड़ा स्थित बाजीगर बस्ती में रहने वाले इन परिवारों का कहना है कि गांव के कुछ लोग दबंगई दिखाकर गरीब लोगों की कमाई हड़प कर रहे हैं।
विज्ञापन
जो कोई इनके खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश करता है तो उसे जान से मारने की धमकियां देकर चुप करवा देते हैं। दलित परिवारों ने एसपी सतेंद्र गुप्ता से कहा कि पूरा गांव इनकी दादागिरी से परेशान है।
विज्ञापन
दलित परिवारों की इन दबंगों से रक्षा की जाए। पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में ऐलनाबाद थाना पुलिस को कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव मौजूखेड़ा में ढाणी बाजीगर के नाम से दलित बस्ती है। इस बस्ती में 250 परिवार रहते हैं। ये लोग मजदूरी करके पेट पालते हैं।
गांव में रहने वाले कुछ लोग फाइनेंस का कारोबार करते हैं। इन लोगों ने दलित बस्ती में आकर दो प्रतिशत ब्याज पर कर्जा देने की बात कही।
ग्रामीण अमरजीत सिंह ने बताया कि उस सहित बस्ती के ज्यादातर जरूरतमंद लोगों ने इन लोगों की बातों में आकर 20 से तीस हजार रुपये कर्जा ले लिया।
अमरजीत सिंह का कहना है कि उसे तीस हजार रुपये की जरूरत थी और उसने उक्त लोगों से तीस हजार रुपये कर्जा लिया। उक्त लोगों ने खाली कागजात पर उसके साइन करवाए।
विज्ञापन
दो महीने तक तो दो प्रतिशत ब्याज सहित किश्त भरी लेकिन बाद में उक्त लोगों ने तीन हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से किश्त देने पर अड़ गए।
अमरजीत ने बताया कि उसने हर महीने तीन हजार रुपये किश्त देनी शुरू कर दी। वह तीन सालों में तीस हजार के बदले 90 हजार रुपये उक्त लोगों को दे चुका है लेकिन ये दबंग लोग अब भी उस पर हर माह तीन हजार रुपये देने का दबाव डाल रहे हैं।
तीन फरवरी को उसने हिम्मत करके उक्त दबंगों से कहा कि की उसका हिसाब हो चुका है। इसके बाद दबंगों ने बस्ती के बीच उसे पकड़ लिया और मारपीट करनी शुरू कर दी।
उक्त लोगों ने उसे पिस्तौल दिखाते हुए धमकी दी कि अगर पुलिस के पास गया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
एसपी से शिकायत के दौरान दलित बस्ती निवासी मोतीराम, बोलया बाई, जसवीर सिंह, मलकीत सिंह, बलविंद्र सिंह, लड्डू राम, अंग्रेज सिंह, सूरा राम, कश्मीर सिंह, सुरजीत सिंह, परमजीत सिंह, मुख्तयार सिंह, जगीरो बाई, दोनो बाई, कंता बाई, मुन्ना बाई, अमरजीत, बूटा सिंह मौजूद थे।
बना हुआ है जान का खतरा
पुलिस के पास आने के बाद दबंगों से जान का खतरा बना हुआ है। अब उक्त दबंगों से पुलिस ही गरीब मजदूरों को छुटकारा दिला सकती है। एसपी साहब को बताया है कि इन लोगों के बारे में पूरे गांव से पूछताछ कर ली जाए। इसके बाद इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करके उक्त दबंगों की गुंडगर्दी से छुटकारा दिलाया जाए।
अमरजीत सिंह, ग्रामीण।
धमकी देकर चुप करवा देते हैं
बस्ती के ज्यादातर परिवार इन लोगों के जाल में फंस चुके हैं। हमनें अपनी कर्जा राशि का भुगतान ब्याज सहित उक्त लोगों को कर दिया लेकिन उक्त लोग बदमाशी करते हुए डरा कर जबरन रुपया वसूल कर रहे हैं। जब कोई थोड़ी सी भी आवाज उठाता है तो उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करवा देते हैं।
बूटा सिंह, ग्रामीण।