सिरसा। सरकार द्वारा सरप्लस की गई जमीन में गड़बड़ी करने के आरोप में चोपटा थाना पुलिस ने गांव साहुवाला-द्वितीय के व्यक्ति की शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार, पटवारी व कानूनगो के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव साहुवाला द्वितीय निवासी सुशील कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के दौरान उसकी कुछ जमीन सरप्लस में आई थी। जिसकी बकायदा पैमाइश भी की गई। लेकिन चोपटा के नायब तहसीलदार छेलूराम, पटवार व कानूनगो ने सभी नियमों को ताक पर रखकर इंतकाल में गड़बड़ी की।
उसे कुछ समय बाद इस बारे पता चला, जिसके बाद उसने अधिकारियों को इस बारे अवगत करवाया। नायब तहसीलदार व पटवारी से कई बार उसने इस बाबत पूछा, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। उसने पुख्ता जानकारी जुटाकर तीनों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी एएसआई विजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द तीनों की गिरफ्तारी कर पूछताछ की जाएगी।