सिरसा/कालांवाली। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम ने शुक्रवार को जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव छाबड़ा के साथ सिरसा और कालांवाली में छापे मारे। सबसे पहले सिरसा के गांव भंभूर स्थित खेरा डेयरी पर टीम ने छापा मारा। निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालक रंजीत सिंह के पास वैध लाइसेंस नहीं पाया गया, जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने उसे नोटिस जारी किया। टीम ने डेयरी से दूध (60 किलोग्राम), पनीर (5 किलोग्राम), दही (10 किलोग्राम) और घी (10 किलोग्राम) के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
दूसरी कार्रवाई कालांवाली के पप्पी बागड़ी किराना स्टोर पर की गई। यहां दुकान पर एक्सपायरी डेट का सिरका व सॉस बेचे जाने की शिकायत मिली थी। हालांकि, जांच के दौरान कोई सामान एक्सपायरी डेट का नहीं मिला, फिर भी एहतियातन टीम ने सिरका व सॉस के सैंपल लिए। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते में एसआई राजेश कुमार, जितेंद्र सिंह और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव छाबड़ा शामिल रहे। एफएसओ डॉ. गौरव छाबड़ा ने बताया कि यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।