सिरसा। सीडीएलयू ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक जागरूकता और स्वदेशी के प्रेरणास्रोत सतगुरु राम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल का नाम सतगुरु राम सिंह सभागार रखने का निर्णय लिया है। सभागार के नामकरण के उपलक्ष्य में शनिवार को नामधारी संगत का एक शिष्टमंडल कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई से भेंट करने विश्वविद्यालय पहुंचा।
इस दौरान उन्हाेंने उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान शिष्टमंडल ने कुलपति को सम्मानित करते हुए कहा कि यह निर्णय नामधारी पंथ और समाज के लिए अत्यंत गौरव की बात है। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि सतगुरु राम सिंह केवल धार्मिक संत नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे। इस मौके पर प्रो. असीम मिगलानी, कार्यकारी अभियंता राकेश गोदारा, बलजीत सिंह, डॉ. हीरा सिंह गांधी, प्रधान जसपाल सिंह, मास्टर सुखदेव सिंह, संत मुख्तियार सिंह व अन्य मौजूद रहे।