रोहतक। पर्वतारोही सचिन कुमार ने माउंट एवरेस्ट और माउंट लोत्से पर तिरंगा फहराया है। गत 21 जून को दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत के शिखर पर अपना परचम लहराने के बाद अपनी जन्मभूमि महम के गांव खरक जाटान पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। सचिन पर्वतारोही होने के साथ-साथ चंडीगढ़ पुलिस में बतौर सिपाही कार्यरत हैं। पिछले काफी वर्षों से पर्वतारोहण का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने बेसिक माउंटेनियरिंग और एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स के साथ ही भारत की 11 से ज्यादा 15000 फीट से 23023 फीट ऊंची चोटियों पर चढ़ाई की है। अब 2 अप्रैल 2024 को सचिन नेपाल स्थित विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट व विश्व की चौथी सबसे ऊंची चोटी माउंट लोत्से पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया है। गांव पहुंचने पर सचिन कुमार के परिवार के सगे संबंधियों के साथ-साथ पूरा गांव खरक जाटान, साथ लगते गांव बैंसी, गुगाहेड़ी, अजायब, खुडाली के ग्रामीण भी पहुंचे। मौजूदा विधायक बलराज सिंह कुंडू, बरोदा हलके के वर्तमान विधायक इंदुराज सिंह उर्फ भालू, महम चौबीसी के पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी के सुपुत्र बलराम सिंह दांगी, कबड्डी खिलाड़ी विनय कुमार, समाजसेवी हर्ष छिकारा ने इस उपलब्धि पर सचिन को बधाई दी। इससे पहले बाइक, ट्रैक्टर, गाड़ियों आदि पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर गांव लाखन माजरा से शोभायात्रा निकालकर सचिन को ढोल, डीजे आदि के साथ गांव में लाया गया।