{"_id":"666a8f9ceb47e944f60cc15b","slug":"stir-in-rohtak-mdu-campus-administration-changed-exam-date-students-angry-over-fee-hike-issue-2024-06-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोहतक एमडीयू के कैंपस में हलचल: प्रशासन ने बदली परीक्षा तिथि, फीस बढ़ाने के मुद्दे पर विद्यार्थियों में रोष","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रोहतक एमडीयू के कैंपस में हलचल: प्रशासन ने बदली परीक्षा तिथि, फीस बढ़ाने के मुद्दे पर विद्यार्थियों में रोष
Thu, 13 Jun 2024 11:50 AM IST
नवीन दलाल
माई सिटी रिपोर्टर, रोहतक (हरियाणा)
माई सिटी रिपोर्टर, रोहतक (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Thu, 13 Jun 2024 11:50 AM IST
सार
रोहतक एमडीयू में छात्र संगठनों का लगातार चल रहा संघर्ष रंग लाता नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों के विरोध-प्रदर्शन के चलते महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए कोर्स की नई फीस संबंधी मुद्दों पर विचार करने की तैयारी कर ली है।
विज्ञापन
रोहतक एमडीयू
- फोटो : संवाद
विस्तार
रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की 18 जून को आयोजित की जाने वाली कुछ परीक्षाओं की आयोजन तिथि में बदलाव किया गया है। इसकी सूचना जल्द जारी की जाएगी। कुलसचिव प्रो. गुलशन तनेजा ने बताया कि 18 जून को यूजीसी नेट की परीक्षा होने के चलते इस दिन आयोजित होने वाली परीक्षा की आयोजन तिथि में बदलाव किया गया है। इस बारे में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
विज्ञापन
एमडीयू विद्यार्थी 25 तक अपलोड कर सकते हैं असेसमेंट अवाॅर्ड
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित सभी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों व डीपीएड दूसरे व चौथे सेमेस्टर के इंटर्नल असेसमेंट अवाॅर्ड्स अपलोड करने के लिए पैनल ओपन है। कुलसचिव प्रो. गुलशन तनेजा ने बताया कि एमडीयू से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित सभी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों व डीपीएड दूसरे व चौथे सेमेस्टर के इंटर्नल असेसमेंट अवार्ड्स 25 जून तक पैनल पर ऑनलाइन अपलोड किए जा सकते हैं। ब्यूरो
विज्ञापन
एमडीयू में जागरूकता सेमिनार आज
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय का एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज 14 जून को न्यू पेंशन स्कीम सब्सक्राइबर्स के लिए जागरूकता सेमिनार का आयोजन करेगा। एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ काॅलेज के कोऑॅर्डिनेटर डाॅ. अनार सिंह ढुल ने बताया कि इस जागरूकता सेमिनार में वित्त अधिकारी मुकेश भट्ट व एचडीएफसी पेंशन्स के जोनल मैनेजर सुमित सहगल बतौर की-नोट स्पीकर शिरकत करेंगे।
विज्ञापन
इस जागरूकता कार्यक्रम में एनपीएस-इंट्रोडक्शन एंड फंक्शन, एनपीएस कंट्रीब्यूशन, फंड परफॉर्मेंस इवैल्यूशन एंड प्रोसेस ऑफ चेजिंग फंड मैनेजर्स, एनपीएस टैक्स बेनिफिट्स, एनपीएस फंड ट्रांसफर से संबंधित सरकार की नई गाइडलाइन्स व रेगुलेशन्ज समेत एनपीएस से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर फोकस रहेगा। एमडीयू के शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा यह जागरूकता कार्यक्रम 14 जून को एफडीसी सेमिनार हाॅल में अपराह्न 3 बजे से प्रारंभ होगा।
एमडीयू में खेल स्पर्धा आज से
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय एम्प्लाइज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का पारितोषिक वितरण समारोह 13 जून को आयोजित किया जाएगा। एमडीयू गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि कुलपति प्रो. राजबीर सिंह बतौर मुख्यातिथि इस समारोह में शिरकत करेंगे और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एम्प्लाइज को सम्मानित करेंगे। डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एएस मान समारोह की अध्यक्षता करेंगे। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के महासचिव अजमेर सिंह ने बताया कि यह पारितोषिक वितरण समारोह 13 जून को राधाकृष्णन सभागार में दोपहर तीन बजे प्रारंभ होगा।
एमडीयू करेगा बढ़ी फीस मामले पर विचार
रोहतक एमडीयू में छात्र संगठनों का लगातार चल रहा संघर्ष रंग लाता नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों के विरोध-प्रदर्शन के चलते महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए कोर्स की नई फीस संबंधी मुद्दों पर विचार करने की तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में फीस मामले पर विचार करने के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है।
एमडीयू ने नए सत्र में एनईपी 2020 के तहत नए कोर्स लागू किए हैं। इनकी फीस भी नए सिरे से तय की गई है। यह फीस पिछले वर्ष चल रहे कोर्सों के मुकाबले करीब पांच गुना अधिक है। पुराने कोर्स करीब आठ हजार रुपये सालाना फीस में कराए जा रहे थे। अब नए कोर्स करीब 40, 50 व 60 हजार रुपये साला फीस में कराए जाएंगे। विवि की ओर से जारी विवरणिका में नए कोर्स व फीस का विवरण देखने के बाद से विद्यार्थी परेशान हैं।
छात्र संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर विवि प्रशासन को ज्ञापन सौंपे। विरोध प्रदर्शन किए। इसी कड़ी में बुधवार को भी एमडीयू के गेट नंबर दो पर पुतला फूंककर कर रोष प्रकट किया गया। फीस को लेकर उठे विवाद को शांत करने के लिए एमडीयू प्रशासन ने विचार करने की तैयारी की है। विद्यार्थियों से मिल रहीं शिकायतों का गठित होने वाली कमेटी विभिन्न छात्र संगठनों की शिकायतों व अभ्यावेदनों पर विचार करेगी। जरूरत महसूस होने पर छात्र संगठनों से बातचीत भी की जा सकती है। इसके बाद कमेटी अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपेगी। इसके बाद अधिकारी रिपोर्ट पर विचार कर फैसला लेंगे। इससे विद्यार्थियों को भी राहत की आस है।