रोहतक। सोनी समाज को भी विधानसभा चुनाव में टिकट दी जाए। समाज की प्रदेश में पांच लाख के करीब आबादी है, जो 25 विधानसभा क्षेत्र में अहम प्रभाव रखती है। यह बात लोक संपर्क विभाग के रिटायर डीपीआरओ सुरेंद्र वर्मा कौथ ने कही। वे बुधवार को समाज के लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे।
कौथ ने कहा कि वे रोहतक से पहले जींद, नारनौंद व अन्य जगहों पर सोनी समाज के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक कर चुके हैं। प्रदेश में डेढ़ प्रतिशत से अधिक आबादी वाले सोनी समाज की कम से कम दो टिकट पर राजनीतिक भागीदारी का दावा बनता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पार्टी टिकट वितरण में सोनी समाज की अनदेखी करती है तो विधानसभा चुनाव में इस बार समाज कड़ा उलटफेर करेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सोनी समाज के औसतन लगभग 3 हजार से 12 हजार के मध्य मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि जींद, उचाना, हिसार, बरवाला, हांसी, फतेहाबाद, टोहाना, सिरसा, सोनीपत, गोहाना, नारनौल, रोहतक, अम्बाला शहर, करनाल, पानीपत व गुरुग्राम सहित 25 विधानसभा क्षेत्र हैं। जहां से किसी भी एक से लेकर दो विधानसभा सीटों पर सोनी समाज को राजनीतिक भागीदारी दी जा सकती है।