खौफनाक: एसआई ने दिल्ली में प्रेमिका को गोली मारी फिर रोहतक में ससुर की हत्या की
दिल्ली पुलिस के एसआई ने रविवार को दिल्ली के अलीपुर में पहले अपनी प्रेमिका को कार में तीन गोलियां मारकर घायल कर दिया और सड़क पर फेंककर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने रोहतक के बैंसी गांव में सोमवार सुबह सात बजे अपने ससुर की माथे पर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी का पत्नी से तीन साल से विवाद है जो कि कोर्ट में चल रहा है। वहीं आरोपी के सलहज (साले की पत्नी) से अवैध संबंध होना बताए गए हैं। दिल्ली पुलिस के साथ ही अब रोहतक पुलिस को भी आरोपी दिल्ली पुलिस के एसआई की तलाश है।
पुलिस के मुताबिक लाखनमाजरा थाना क्षेत्र के गांव बैंसी में रणवीर (65) की सुबह सात बजे डस्टर कार में आए कुछ लोगों ने माथे पर गोली मारकर हत्या करने की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक रणवीर के पुत्र मंजीत ने बताया कि वह आईटीआई में पढ़ता है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे वह मंजीत, बहन राजेश कुमारी, पिता रणबीर (65) व पूजा घेर में सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सफेद डस्टर गाड़ी आई। जिसमें से दो युवक नीचे उतरे। जिसमें एक संदीप ने पिता रणबीर के माथे में गोली मार दी व गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
गाड़ी मेें कई युवक सवार थे। मंजीत ने बताया कि वे दो भाई व चार बहन हैं। बड़े भाई संदीप की गांव भापडौदा निवासी रीना के साथ सन 2014 में शादी हुई थी। बहन राजेश कुमारी की शादी गांव सिसाना सोनीपत निवासी संदीप जो कि दिल्ली पुलिस में एसआई है के साथ सन 2010 में हुई थी।
राजेश के पास आठ साल की बेटी व सात साल का बेटा है। राजेश व संदीप में आपसी विवाद है 2017 से कोर्ट में केस चल रहा है। भाई संदीप व उसकी पत्नी रीना का भी विवाद है, इनका भी 2017 से कोर्ट केस चल रहा है। बहन की ससुराल वालों और भाई की ससुराल वालों ने परिवार को कोर्ट में गोली मारने की धमकी दे रखी थी।
राजेश कुमारी का कहना है कि उसके पति संदीप के रीना के साथ अवैध संबंध हैं। वह उससे शादी करना चाहता था व जमीन जायदाद जबरदस्ती अपने नाम करवाना चाहता था। करीब 10 दिन पहले बैंसी में भापडौदा व सिसाना से बहन व भाई के ससुराल पक्ष के लोग आए थे। जिनके साथ कहासुनी होने पर उन्होंने धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि रणबीर के शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को शव सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी संदीप दिल्ली के अलीपुर में अपनी प्रेमिका को कार में गोलियां मारकर फरार हुआ और यहां ससुर की हत्या में नामजद हुआ है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
सलहज से संबंधों के चलते ही बिगड़ गए पत्नी से रिश्ते
पुलिस का कहना है कि सिसाना के संदीप की 2014 में राजेश से शादी हुई थी। इसके बाद उसके संबंध सलहज (साले की पत्नी) से अवैध संबंध हो गए। इसी के चलते उसके पत्नी राजेश से संबंध खराब हो गए। वहीं सलहज के भी उसके पति से संबंध खराब हो गए। परिजनों ने इसका विरोध किया तो कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर आरोपी दिल्ली पुलिस के एसआई सिसाना सोनीपत निवासी संदीप सहित कई नामजद और अन्यों पर हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पत्नी की भाभी से प्रेम प्रसंग में पड़ गया था। जिसे भी उसने रविवार को दिल्ली के अलीपुर में गोलियां मारी थीं। फिलहाल आरोपी फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -राजेंद्र बूरा, थाना प्रभारी लाखनमाजरा।