{"_id":"62868d66584e652a2b3e7455","slug":"shourie-market-s-textile-trader-s-employee-was-beaten-to-death-rohtakcity-news-rtk6471393173","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोहतक: शौरी मार्केट के कपड़ा व्यापारी के कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या, काम के बाद घर लौट रहा था 24 वर्षीय सचिन","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
रोहतक: शौरी मार्केट के कपड़ा व्यापारी के कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या, काम के बाद घर लौट रहा था 24 वर्षीय सचिन
Fri, 20 May 2022 02:35 AM IST
रोहतक ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: रोहतक ब्यूरो
Updated Fri, 20 May 2022 02:35 AM IST
सार
बुधवार रात साढ़े 10 बजे बाबा बालकनाथ डेरे के पास वारदात हुई। गुरुवार सुबह युवक ने दम तोड़ा। युवक पर मोबाइल फोन और पर्स भी नहीं मिला। परिजन लूट के इरादे से वारदात की संभावना जता रहे हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के रोहतक शहर की शौरी मार्केट के कपड़ा व्यापारी के कर्मचारी रैनकपुरा (24) की अज्ञात लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। सिर व छाती में चोटें मारी गई। मृतक का मोबाइल फोन व पर्स भी गायब है। पुलिस ने आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक रैनकपुरा निवासी विकास ने दी शिकायत में बताया कि उसका परिवार सरकारी स्कूल के पास रहता है। माता-पिता के अलावा परिवार में वे दो भाई थे, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। उसका छोटा भाई सचिन शौरी कपड़ा मार्केट में कपड़े की दुकान पर काम करता था, बीच में नौकरी छोड़ दी। अब 20 दिन से फिर ड्यूटी पर जाने लगा था।
विज्ञापन
सुबह व शाम वह ऑटो से ही आता-जाता था। बुधवार सुबह वह घर के नजदीक घायल हालत में मिला। उसे तत्काल पीजीआई में दाखिल करवाया गया। सचिन के सिर, छाती व पेट में चोटें मारी गई थीं। उसने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे जब वह घर लौट रहा था तो जींद रोड पर बाबा बालकनाथ डेरे के पास जोहड़ किनारे पहुंचा तो वहां पर सात-आठ युवक आए और उसकी बुरी तरह से पिटाई की।
विज्ञापन
पुलिस ने विकास के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस अभी मामले की जांच-पड़ताल कर रही थी कि वीरवार सुबह आठ बजे सचिन ने दम तोड़ दिया। सिटी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही केस के अंदर हत्या की धारा जोड़ दी।
मोबाइल और पर्स भी नहीं मिला, लूटपाट के इरादे से वारदात का भी शक
मृतक के भाई विकास ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। उसका भाई घर के बाहर गंभीर हालत में मिला था। उसने बताया था कि उसके साथ युवकों ने जींद रोड पर बाबा बालकनाथ डेरे के पास मारपीट की गई। उसके भाई का मोबाइल फोन व पर्स भी नहीं मिला। ऐसे में लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम देने से इनकार नहीं किया जा सकता है।
शादी करने से कर रहा था मना, सबसे छोटा था सचिन
परिजनों के मुताबिक तीन बहन-भाइयों में सचिन सबसे छोटा था। बड़े भाई विकास की शादी हो चुकी है। सचिन माता-पिता के साथ रहता था। जब भी घर में रिश्ते की बात चलती तो वह अभी शादी करने से इनकार कर देता था। अब पता नहीं किसने उसके भाई की जान ले ली।
तीन चोटें थी गंभीर, जिससे गई जान
डॉक्टरों ने जो एमएलआर पुलिस को सौंपी है, उसमें बताया गया है कि सचिन को चार चोटें लगी थीं। तीन गंभीर थीं, जबकि एक सामान्य थी। इतना ही नहीं, जब पुलिस बयान लेने पहुंची तो डॉक्टरों ने उसे अनफिट घोषित कर दिया था। इसके चलते पुलिस ने उसके भाई विकास के बयान दर्ज किए। अब वीरवार सुबह घायल ने दम ही तोड़ दिया।
बुधवार को रैनकपुरा के युवक सचिन के घायल हालत में पीजीआई में दाखिल होने की सूचना मिली थी। पुलिस बयान लेने पहुंची तो डॉक्टरों ने उसे अनफिट घोषित कर दिया। उसके भाई के बयान पर मारपीट व धमकी देने का केस दर्ज किया था। वीरवार को घायल की मौत हो गई। ऐसे में हत्या की धारा जोड़ी गई है। वारदात किसने व क्यों अंजाम दी, इसकी जांच पड़ताल कर रहे हैं। -इंस्पेक्टर देशराज, प्रभारी सिटी थाना
साढ़े चार माह में हत्या की 24 वारदात
- पुलिस स्टेशन संख्या
- सिटी थाना 04
- अर्बन एस्टेट 01
- शिवाजी कालोनी 05
- पीजीआईएमएस 01
- सदर थाना 02
- कलानौर 02
- सांपला 02
- महम 01
- लाखनमाजरा 01
- आईएमटी 03
- बहुअकबपुर 02
नोट : साल 2021 में 2022 के मुकाबले अब तक 4 वारदात ज्यादा हुई थी।