रोहतक: गांव पिलाना की बेटी सविता दलाल ने स्लोवाकिया में अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल
19 वर्षीय सविता ने साल 2017 में कुश्ती शुरू की थी। उन्हें प्रेरणा अपने ही परिवार से मिली थी। उनके परदादा, दादा और पिता भी पहलवान रहे हैं।
विस्तार
परदादा, दादा और पिता भी थे पहलवान
19 वर्षीय सविता ने साल 2017 में कुश्ती शुरू की थी। उन्हें प्रेरणा अपने ही परिवार से मिली थी। उनके परदादा, दादा और पिता भी पहलवान रहे हैं। चचेरे भाई अमित राज्य स्तरीय और अनिल राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। इन सभी को देखकर सविता ने भी कुश्ती शुरू की।
2017 में पहलवानी शुरू करने के बाद साल 2018 में सविता ने दिल्ली में पहला नेशनल स्वर्ण पदक जीता। 2019 में दूसरा राष्ट्रीय स्तर का स्वर्ण पदक जीता। उसके बाद सविता ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
पहले वह गांव में अपने माता पिता के पास रहती थीं लेकिन अच्छे संसाधनों के लिए उन्हें रोहतक शहर में आना पड़ा। वह यहां अपने ताऊ कृष्ण और ताई दर्शना के साथ रहती हैं। सविता सर छोटू राम स्टेडियम में अभ्यास करती हैं। मंदीप सिंह बतौर कोच उन्हें प्रशिक्षण देते हैं।
रेलवे में जूनियर क्लर्क के पद पर है नियुक्ति
पिछले साल 22 जुलाई को सविता को भारतीय रेलवे में जूनियर क्लर्क के पद नियुक्ति मिली। पदक जीतने के बाद उनके गांव पिलाना और उनके रोहतक वाले घर में मिठाई से मुंह मीठा कर खुशी मनाई गई। 23 अगस्त को सविता को घर आने पर जश्न मनाया जाएगा।