संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए), पीजीआई की टीम ने बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री नायब सैनी व स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मुलाकात की। टीम को मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ने संदेश दिया कि यह डिजिटल मंच रेजिडेंट डॉक्टर्स एवं प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने, पारदर्शिता को सुदृढ़ करने एवं सूचना के आदान-प्रदान को सरल बनाने के लिए विकसित किया गया है।
पीजीआई में आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और अधोसंरचना का उन्नयन, बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए डॉक्टरों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ की शीघ्र भर्ती, रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए हॉस्टल की बेहतर सुविधा, मानसिक स्वास्थ्य सहायता एवं कल्याणकारी योजनाएं, टेलीमेडिसिन एवं डिजिटल हेल्थ सेवाओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर आरडीए अध्यक्ष डॉ. हिमांशु राणा, उपाध्यक्ष डॉ नवदीप, डॉ. नीतू गुप्ता, महासचिव डॉ. एस. भवाना, डॉ. मुजफ्फर, कोषाध्यक्ष डॉ. राजीव आदि मौजूद रहे।