हरियाणा बॉक्सिंग संघ द्वारा दूसरी सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता शुक्रवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में शुरू हुई। इसका शुभारंभ कार्डियक सर्जन डॉ. आदित्य बतरा ने किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन 75 मुकाबले हुए। खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए शुभारंभ के दौरान अर्जुन अवॉर्डी एवं ओलंपियन राजकुमार सांगवान व जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
डॉ. आदित्य बतरा ने कहा कि प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में विश्व कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। खेल के क्षेत्र में बेटियों का योगदान साल दर साल बढ़ रहा है। एक भी खेल अब ऐसा नहीं बचा, जिसमें महिलाएं अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन न करती हो। हरियाणा बॉक्सिंग संघ की प्रशंसा करते हुए कहा कि संघ ने अपने थोड़े समय के कार्यकाल में ही मुक्केबाजों को अच्छा प्लेटफार्म उपलब्ध करवाया है। अर्जुन अवॉर्डी एवं ओलंपियन राजकुमार सांगवान ने कहा कि देश में हरेक खेल का उज्जवल भविष्य है। पिछले दिनों हुई ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया। खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। इस मौके पर हरियाणा बॉक्सिंग संघ के कोषाध्यक्ष प्रवीर गहलोत, कार्यवाहक सचिव रविंद्र पान्नू, रोहतक के महासचिव डॉ. संदीप मोर, कार्यकारिणी सदस्य ओमबीर हुड्डा आदि मौजूद रहे।