Rohtak: हाईवे पर ट्रक के नीचे घुसी कार, एक शख्स की मौत और तीन लोग घायल
हरियाणा के रोहतक में हुए सड़क हादसे में एक शख्स की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
विस्तार
नेशनल हाईवे 9 पर सांपला के नजदीक सुबह करीब साढ़े नौ बजे आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कार ट्रक के नीचे घुस गई जिसमें यूपी के आजमगढ़ के गांव खानपुर हाल निवासी दिल्ली के नजफगढ़ के स्टील कारोबारी मुकेश गौड़ के बेटे सूरज (17) की मौत हो गई और उसके तीन दोस्त घायल हो गए। ट्रक चालक के खिलाफ सांपला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में नजफगढ़ निवासी अनमोल शर्मा ने बताया कि उसके साथी फैजल इकबाल, साहिल सिंह व उसका सांपला-बेरी रोड के बहराणा गांव स्थित दिल्ली ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में ऑटो मोबाइल का पेपर था। तीनों ने दोस्त सूरज गौड़ के साथ मिलकर कार से पेपर देने जाने का प्रोग्राम बनाया। सूरज भी बाहर घूमना चाहता था इसलिए वह दोस्तों के साथ आ गया। फैजल इकबाल तीनों दोस्तों को अपनी कार में लेकर आ गया। चारों मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नजफगढ़ से सांपला होते हुए कॉलेज के लिए रवाना हुए।
रोहद टोल पार करने के बाद आगे चल रहा ट्रक चालक लापरवाही से ड्राइविंग कर रहा था। उसने अचानक ब्रेक लगा दिए जिससे कार ट्रक के नीचे घुस गई। भीड़ ने कार में फंसे चारों युवकों को निकालकर सांपला के सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत के चलते सूरज को पीजीआई रेफर कर दिया। सिर व चेहरे पर गंभीर चोटों के चलते सूरज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन दोपहर को शव लेकर नजफगढ़ रवाना हो गए।
नजफगढ़ में स्टील के उपकरण की लगा रखी फैक्टरी
रोहतक पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट में वकील आरबी गौड़ ने बताया कि वे मूलरूप से यूपी के आजमगढ़ जिले के गांव खानपुर के रहने वाले हैं। 20 साल से बेटा मुकेश परिवार सहित नजफगढ़ में रहता है। उसने स्टील के उपकरण बनाने की फैक्टरी लगा रखी है। मुकेश का एक बेटा व एक बेटी हैं। मंगलवार सुबह सूरज ने पिता मुकेश से कहा था कि वह दोस्तों के साथ जा रहा है। पिता मना करके पूजा करने में व्यस्त हो गए। इसी बीच सूरज दोस्तों के साथ आ गया।
15 मिनट पहले बदली थी सीट, कंडक्टर साइड से टकराई कार
चाचा संतोष के अनुसार, दोस्तों ने बताया कि दिल्ली से चलते समय सूरज कार में पिछली सीट पर बैठा था। रोहद टोल के नजदीक हादसे से 15 मिनट पहले वह कार चला रहे अनमोल के पास कंडक्टर सीट पर आकर बैठ गया। रोहद टोल पार करने के बाद अचानक ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिए। कार पीछे से कंडक्टर साइड से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूरज के सिर व चेहरे पर छह जगह गंभीर चोट आई और उसने दम तोड़ दिया। बाकी दोस्तों को ज्यादा चोटें नहीं आईं।
आरोप है कि ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से भाग गया। भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (2) में प्रावधान है कि अगर आरोपी वाहन चालक हादसे के बाद मौके से भाग जाता है (हिट एंड रन केस) तो ऐसी स्थिति में दोषी मिलने पर 10 साल तक की कैद हो सकती है। हालांकि, यह धारा अभी लागू नहीं की गई है। केस में फिलहाल बीएनएस की धारा 106, 125 ए व 281 लगाई गई है।