जनसेवा संस्थान का पुराना बस स्टैंड पर 50 लोगों का रैन बसेरा रविवार से शुरू हो गया है। इसमें खाने की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। 50 से ज्यादा संख्या होने पर लोगों को तुरंत एंबुलेंस से भिवानी रोड स्थिति वृद्ध आश्रम में भेजा जाएगा। यह बात महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी परमानंद ने बताई।
रैन बसेरे के शुभारंभ मौके पर हवन हुआ। दिल्ली निवासी आशा गुलिया व रवि गुलिया ने शुभारंभ किया। अध्यक्षता मेयर मनमोहन गोयल ने की। महामंडलेश्वर ने बताया कि इस रैन बसेरे में 50 लोगों के लिए ठहरने की व्यवस्था है। सबके लिए भोजन नि:शुल्क रहेगा। रैन बसेरे का समय सायं छह से सुबह सात बजे तक रहेगा। शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। एंबुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी, ताकि जरूरतमंद को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या अन्य स्थान से लाया जा सके। इस दौरान जन सेवा संस्थान के उप प्रधान नवीन निडाना, महासचिव विनोद गुप्ता, महेंद्र अग्रवाल, ईश्वर सिंघल, प्रदीप गोयल, नवनीत हुड्डा, मनीष जैन, गुलशन निझावन, धम्मल फौजी, मोहित खोखर, नीतिश, जेपी गौड़, पुनीत, अंकित आदि मौजूद रहे।