उपलब्धि: हरियाणा के मनीष राठी ने बाइक पर स्टंट दिखा बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, भारतीय सेना में हैं हवलदार
मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर बैठकर व आगे का पहिया ऊपर उठा 2.4 किलोमीटर की दूरी तय की। उन्होंने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है।
विस्तार
हरियाणा के रोहतक के गांव जिंदरान निवासी और भारतीय सेना में हवलदार मनीष राठी ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराकर हरियाणा का नाम रोशन किया है। मनीष ने गत चार दिसंबर को बेंगलुरु में बुलट मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर बैठकर व आगे का पहिया ऊपर उठाकर 2.4 किलोमीटर की दूरी तय की।
यह पिछली सीट पर बैठकर सबसे लंबी दूरी तय करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। ऐसा करके उन्होंने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है।
जिंदरान गांव के मनीष राठी वर्ष 2011 में सेना में भर्ती हुए। मोटरसाइकिल स्टंट करने के शौकीन मनीष को सैन्य अधिकारियों ने 2014 में भारतीय सेना की स्टंट टीम में शामिल कर लिया। मनीष ने लगातार अभ्यास कर खुद को एक बेहतरीन स्टंट मैन के रूप में स्थापित किया। वे स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में होने वाली परेड में भी मोटरसाइकिल पर करतब दिखा चुके हैं।
मोटरसाइकिल चलाने के शौक ने किया नाम रोशन: राजवंती
हवलदार मनीष राठी की मां राजवंती ने बताया कि मनीष को किशोरावस्था से मोटरसाइकिल चलाने का शौक था। खेत से मोटरसाइकिल पर हरा चारा लाना, खेत में रोटी लेकर लेकर जाना और खेतों के कच्चे रोड पर करतब दिखाता रहता था। फौज में भर्ती होने के बाद बेटे का सपना पूरा हो गया।
बेटे की उपलब्धि सुन सीना हो गया चौड़ा: धर्मबीर
मनीष राठी के पिता धर्मबीर राठी ने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि को सुनकर सीना चौड़ा हो गया है। गर्व होता है कि बेटे की वजह से देश का नाम आज अनेक जगह दर्ज हुआ है। उसकी इस उपलब्धि का श्रेय उसके गुरु की मेहनत को जाता है।