रोहतक। जाट महाविद्यालय के जूडो के खिलाड़ियों ने एमडीयू में आयोजित इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को जाट शिक्षण संस्था के प्रधान गुलाब सिंह दिमाना व प्राचार्य डॉ. शबनम राठी ने प्रोत्साहित किया।
जाट शिक्षण संस्था के प्रधान ने कहा कि जूडो आत्मरक्षा की विधा है। इसमें सांस पर नियंत्रण, अनुशासन व एकाग्रता के जरिए खिलाड़ियों को दाव-पेंच स्टाइल तथा आघात पहुंचाने की कला सिखाई जाती है। जूडो सीखकर न सिर्फ आत्मरक्षा की जा सकती है, बल्कि इसे कॅरिअर विकल्प भी चुना जा सकता है। इस विधा में प्रशिक्षितों को सेना, अर्धसैनिक बलों, पुलिस बल व सुरक्षा एजेंसियों में रोजगार में प्राथमिकता मिलती है। इस मौके डॉ. रामिंद्र हुड्डा, सुंदर सिंह दिमाना, डॉ. वरुण मलिक, डॉ. राम समेत सभी शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक व खिलाड़ी उपस्थित रहे।