रोहतक। एमडीयू के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाॅफ कॉलेज के तत्वावधान में सोमवार को सेन्सिटिज़ेशन प्रोग्राम फॉर पब्लिक इंफॉर्मेशन ऑफिसर एंड ऑफिशियल डीलिंग विद आरटीआई मैटर नामक कार्यशाला हुई। आयोजन असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर नितिन सिवाच ने किया। मुख्य वक्ता के तौर पर अवर सचिव, राज्य सूचना आयोग, हरियाणा यज्ञदत्त चुघ ने शिरकत की। उन्होंने आरटीआई के विभिन्न प्रावधानों व महत्वपूर्ण न्यायालयों के निर्णय और कानून के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर प्रथम अपीलीय अधिकारी प्रो. प्रदीप कुमार अहलावत और इंचार्ज आरटीआई सेल प्रो. सेवा सिंह दहिया विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
कोऑर्डिनेटर डॉ. अनार सिंह ढुल ने कार्यशाला में जन सूचना अधिकारियों (पीआईओ), अधिकारियों व कर्मचारियों को सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के बारे में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों को समझाया। कार्यशाला का उद्देश्य आरटीआई अनुरोधों के प्रबंधन में सुधार करना, पारदर्शिता को बढ़ावा देना और सूचना प्रकटीकरण को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कौशल से लैस करना रहा। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण विभागों के विभागाध्यक्ष, शाखा प्रभारी, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।