भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की ताजपोशी के दौरान वीरवार को प्रदेश कार्यालय के बाहर सीएम मनोहर लाल का भाषण शुरू होने से पहले एक युवक भीड़ के बीच आगे आया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि उसकी कोई नहीं सुन रहा। इतना ही नहीं, उसने दोनों पैरों की नस काटी हुई थी, जहां से खून बह रहा था। तत्काल पुलिस ने उसे भीड़ से बाहर निकाला। मीडिया के सामने युवक चिल्ला रहा था कि उसकी पुलिस वालों ने जिंदगी खराब कर दी। आत्महत्या करने के लिए नस काटी है। इसी बीच युवक ने जेब से एक पुड़िया निकाली, लेकिन उससे पहले एक युवक ने झपटा मारकर गिरा दी। एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर युवक को पुलिस अपनी गाड़ी से पीजीआई लेकर गई। वहीं, इस बारे में डीसी आरएस वर्मा का कहना है कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय के बाहर कार्यक्रम में अपने पैरों की नसें काटने वाले व्यक्ति की पहचान प्रेम नगर के नजदीक कैलाश कॉलोनी निवासी राजबीर सिंह के तौर पर हुई है। जो मूल रूप से कंसाला गांव का रहने वाला है। डीसी का कहना है कि युवक नशे का आदी है। इससे पूर्व भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपने पैरों पर किसी धारदार चीज से स्वयं को चोट पहुंचाई थी, जिसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सीएम कार्यक्रम में आत्महत्या का प्रयास करने वाले शख्स पर केस दर्ज:
राजवीर निवासी कंसाला के खिलाफ आत्महत्या का प्रयास करने, सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 353, 186 व 309 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।- गोरखपाल राणा, डीएसपी मुख्यालय।