{"_id":"66152d8f2394b0f92603135c","slug":"haryana-cm-saini-said-congress-did-not-unite-india-but-broke-it-2024-04-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: सीएम सैनी बोले- कांग्रेस ने भारत को जोड़ा नहीं, बल्कि तोड़ा, न्याय शब्द का प्रयोग करने का हक नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: सीएम सैनी बोले- कांग्रेस ने भारत को जोड़ा नहीं, बल्कि तोड़ा, न्याय शब्द का प्रयोग करने का हक नहीं
Tue, 09 Apr 2024 05:29 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 09 Apr 2024 05:29 PM IST
सार
नायब सैनी ने कहा कि 2014 से पहले कश्मीर में पथराव होता था, अब कहीं पत्थरबाज दिखाई नहीं देते हैं।
विज्ञापन
मंच पर मौजूद भाजपा नेता।
- फोटो : संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का कहना है कि कांग्रेस ने देश को जोड़ा नहीं, बल्कि तोड़ा है। देश की जनता के साथ अन्याय करने वाली कांग्रेस को न्याय शब्द प्रयोग करने का हक नहीं है। सैनी मंगलवार को भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
सैनी ने कहा कि मोदी की सरकार ने किसानों, गरीब मजदूरों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने के बाद इन लोगों को आगे बढ़ाने की दिशा में नीतियों को बनाया और उन्हें लागू किया। पूर्व की सरकारों में हर साल यूरिया और डीएपी के दामों में वृद्धि होती थी लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह चीज महंगी हुई तब भी नरेंद्र मोदी की सरकार ने तय किया कि इन चीजों के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे और किसानों को यूरिया और डीएपी पुराने दामों पर मिलेगी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के नाम पर किसानों को तीन लाख करोड़ रुपये वितरित किए हैं। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य देने का काम किया है। फसल खराब होने पर किसानों को मुआवजा जल्दी और पूरा देने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस के राज में जहां 10 साल में 1100 करोड़ रुपये फसलों के मुआवजे के दिए गए वहीं पिछले साढ़े 9 साल में 12000 करोड़ रुपये किसानों को खराब फसल के मुआवजे के रूप में दिए गए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी आचार संहिता चल रही है और वह ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं लेकिन एक बात बिल्कुल साफ है कि आचार संहिता खत्म होने के बाद प्रदेश के विकास में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और एक-एक योजना को लागू कर अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को मुफ्त सिलिंडर देने, आयुष्मान कार्ड, गरीबों को मुफ्त अनाज देने, हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने, 24 घंटे बिजली देने का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में केवल बातें होती थी काम नहीं होता था और आज बातें कम होती हैं और काम ज्यादा होता है।
फोरलेन सड़कों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हाईवे बहुत कम थे लेकिन आज पूरा देश हाईवे पर दौड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष गरीब के विकास पर दुखी है क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा गरीब को अपना वोट बैंक माना है और उसने कभी उनके हित के लिए काम नहीं किया।
वर्तमान सरकार ने गरीबों को ऊपर उठने के लिए उनके हित में योजनाएं बनाई है। केंद्र सरकार ने गरीबों को 5 लाख रुपये तक का सालाना इलाज आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मुफ्त देने का काम किया तो इस योजना को प्रदेश सरकार ने चिरायु के नाम से आगे बढ़ाने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पानीपत में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दिया और उस नारे का असर यह है कि प्रदेश में लाखों बेटियों को जीवन दान मिला।
भारत को तोड़ने का काम कांग्रेस ने किया
नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश जब कोविड के प्रभाव में था और लोग मर रहे थे तब भी प्रधानमंत्री लोगों की चिंता कर रहे थे और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैक्सीन तैयार हुई और पूरे देश में हर नागरिक को फ्री में वैक्सीन लगाने का काम किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस कभी भारत जोड़ो यात्रा निकलते हैं और कभी न्याय यात्रा का आयोजन करती है लेकिन सच यह है कि भारत को तोड़ने का काम भी कांग्रेस ने किया और देश के लोगों के साथ अन्याय करने का काम भी कांग्रेस ने किया। ऐसे में कांग्रेस को यह दोनों ही शब्द प्रयोग करने का कोई अधिकार नहीं है।
भाजपा ने की गुंडागर्दी खत्म : अरविंद शर्मा
रोहतक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों का बखूबी बखान किया और कहा कि पूरे देश के नौजवानों को मोदी सरकार की नीतियां पसंद आ रही हैं। उन्होंने कहा कि आज गुंडागर्दी पूरी तरह से खत्म हो गई है और पहले जिस प्रकार लोग किसी की भी जमीन पर कब्जा कर लेते थे वह भी समाप्त हो गई है। कुछ गांव में अपने विरोध का जिक्र भी अरविंद शर्मा ने किया लेकिन इसके लिए उन्होंने कहा कि परिवारवादियों और भ्रष्टाचारियों के बहकावे में आकर कुछ लोगों ने यह काम किया है। मंच से अरविंद शर्मा ने कहा कि अगर कोई काम रह गया है जो एक लोकसभा सांसद होने के नाते उन्हें करना चाहिए था तो उसके लिए वह क्षमा मांगते हैं और इस बात का वायदा करते हैं कि ब्याज समेत लोगों का काम करेंगे। कांग्रेस द्वारा रोहतक हांसी रेल लाइन का श्रेय लेने को उन्होंने झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार में 2015 में इस योजना के लिए 890 करोड़ रुपये मंजूर हुए थे उसके बाद जमीन का अधिग्रहण हुआ और लाइन बिछाने का काम हुआ।
मोदी के नेतृत्व में देश बना बड़ी ताकत : दलाल
मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि लोग अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता हथियाना के लिए झूठ बोलने का काम कर रही है लेकिन अब देश की जनता समझदार हो गई है और वह यह जानती है कि कौन उसका भला कर सकता है और कौन नहीं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की बड़ी ताकत बनकर उभरा है।
ये भी रहे रैली में मौजूद
भाजपा की आयोजित विजय संकल्प रैली को राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, राजीव जैन, कृष्णमूर्ति हुड्डा, मनीष ग्रोवर, शमशेर खरकड़ा, महंत सतीश दास, मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक सतीश नांदल, रेनू डाबला, राधा अहलावत दीपक हुडा मंजू हुड्डा आदि ने भी संबोधित किया। बसपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले अनिल बंटू ने बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।