सेक्टर आली कोठी, बम लहरी, भगत सिंह और एंडी हरियाणा के सिंगर गजेंद्र फोगाट को इंग्लैंड के लंदन स्थित रोमफोर्ड में शान-ए-हरियाणा अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। दीवाली के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान लंदन के उद्योगपति बीके कुंद्रा, लाइका रेडियो के संचालक रवि शर्मा, उन्नति के दीपक शुक्ला, संजय देशवाल व आईईएचएस के संस्थापक रोहित अहलावत ने दिया।
संजय देशवाल ने बताया की गजेंद्र फोगाट लगभग 25 सालों से हरियाणवी बोली को देश-विदेश में पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उनके बाद से ही हरियाणा के बाकी कलाकार भी विदेशों तक पहुंच पाए हैं। दीपक शुक्ला ने कहा कि फोगाट का गाना बहु काले की पूरे उत्तर भारत का सबसे हिट गीत रहा है। माता का ई-मेल गाने ने पूरे बॉलीवुड में हरियाणा के नाम की धूम मचा दी। इसके बाद से हरियाणा के लिए बहुत से गाने और फिल्में भी बॉलीवुड में बननी शुरू हुईं। हरियाणा यूके एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप अहलावत ने कहा कि बहुत जल्द गजेंद्र फोगाट को इंग्लैंड बुलाकर उनके नाम एक शाम की जाएगी। रवि शर्मा ने कहा कि फोगाट गीतों में संदेश देने वाले पहले कलाकार हैं, इसलिए सरकार ने भी फोगाट को उच्च पद से नवाजा है। कार्यक्रम में फोगाट ने सेक्टर आली कोठी, मिट्टी वाले दिए जलाना दिवाली में, आके देखिए लंदन में म्हारी रोज दिवाली मना करै व बहु काले की सुनाया। इस मौके पर निशा अहलावत, विनि देशवाल, ललित चौधरी, रेखा, अमित चौधरी, अजय मोर उपस्थित रहे।