Haryana: पूर्व CM हुड्डा ने रोहतक में की पत्रकार वार्ता, बोले- लाठी-गोली के दम पर राज चला रही बीजेपी-जेजेपी
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी-जेजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता ने राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीजेपी-जेजेपी की सरकार सिर्फ लाठी-गोली के दम पर चल रही है, जबकि लोकतंत्र में लोगों का दिल जीतने से सरकारें चलती हैं। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वह रोहतक में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। अतिथि अध्यापकों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने इसे निंदनीय कार्रवाई करार देते हुए कहा कि बीजेपी-जेजेपी सिर्फ लाठी-गोली की भाषा जानती है।
गेस्ट टीचर ही नहीं, इससे पहले किसान, मजदूर, कर्मचारी, कच्चे कर्मचारी, सफाई कर्मी समेत हर वर्ग इस सरकार के अत्याचार का शिकार हो चुका है। यही वजह है कि हर वर्ग इस सरकार से मुक्ति चाहता है। जनता ने हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है। कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
भारत जोड़ो यात्रा, विपक्ष आपके समक्ष और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की कामयाबी के बाद अब पार्टी ‘जनाक्रोश रैली’ के जरिए लगातार जनसंपर्क में जुटी है। सभी नेता जनता के बीच में हैं। जब तक हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध, नशे, कर्ज और जनता पर अत्याचार में नंबर वन बनाने वाली सरकार को उखाड़कर नहीं फेंक देते तब तक कांग्रेसी चैन की सांस नहीं लेंगे।
खिलाड़ियों की ओर से पुरस्कार वापसी पर उन्होंने कहा कि खिलाड़ी देश की शान हैं। उन्हें न्याय के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि सरकार को खुद आगे आकर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। सत्ता में बैठे लोग आरोपियों का बचाव कर रहे हैं। सरकार मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रही है।
अग्निपथ योजना से शहीद के बलिदान में भी भेदभाव : दीपेंद्र हुड्डा
सरकार अग्निपथ योजना के तहत शहीदों के बलिदान में भी भेदभाव किया जा रहा है। भाजपा-जजपा सरकार हर वर्ग के साथ अत्याचार कर रही है। सोमवार को रोहतक के किलोई स्थित मढाक धाम में खिलाड़ियों के बीच पहुंचने पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने यह बात कही।
खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा।
उन्होंने कहा कि देश को मेडल दिलाने वाली खिलाड़ी बेटियों ने जब न्याय मांगा तो उनको बर्बरता से सड़कों पर घसीटा गया। सरकार इनको न्याय दिलाने की बजाय आरोपी भाजपा सांसद के साथ खड़ी रही। खिलाड़ी देश की शान हैं। उन्हें न्याय के लिए सड़कों पर संघर्ष करना पड़ रहा है। खिलाड़ी बेटियों को अपने मेडल और पुरस्कार वापस करने पड़ रहे हैं।
पक्की सरकारी नौकरियों को कौशल निगम या अग्निवीर जैसी योजनाओं के जरिए कच्चा किया जा रहा है। इस योजना द्वारा शहीद के बलिदान में भी भेदभाव हो रहा है। यदि अग्निवीर सैनिक का बलिदान हो जाता है तो अग्निवीर शहीद को सरकार शहीद का दर्जा भी नहीं दे रही है। शहादत होने पर उनके परिवार को पेंशन या सैन्य सेवा से जुड़ी कोई और सुविधा भी नहीं मिल रही है।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबी बीजेपी-जेजेपी सरकार इस कदर निरंकुश हो चुकी है कि वह जनता के साथ केवल लाठी-गोली की भाषा में बात करती है। खुद मुख्यमंत्री जनता के साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हैं।