रोहतक। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को छापा मार कर उत्तर प्रदेश के धनौरा के अमरोहा में चल रहे भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़ किया। रोहतक व झज्जर की टीम ने मिलकर यह कार्रवाई की। टीम को अल्ट्रासाउंड केंद्र में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड की मशीन मिली है। डॉ. वहां से फरार हो गए। विक्की दलाल को 7500 रुपये व जगवती दलाल को 6000 रुपये समेत पकड़ा। इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
सिविल सर्जन को भ्रूण लिंग जांच की सूचना मिली थी। इसके तहत टीम तैयार की गई। गर्भवती महिला को अपने साथ लेकर टीम ने दलालों से संपर्क किया। इस दौरान 40 हजार रुपये में भ्रूण लिंग जांच का सौदा तय हुआ। मंगलवार सुबह आठ बजे दलाल ने गर्भवती महिला को गोहाना सब्जी मंडी बुलाया। यहां दलाल ने महिला से 35 हजार रुपये लिए और गाड़ी में बैठाकर उत्तर प्रदेश के धनौरा के अमरोहा में ले गया। यहां जगवती नाम की महिला दलाल ने एक सड़क पर उन्हें बुलाया। यहां से महिला को साई अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉ. राहुल से मुलाकात हुई और उसे कुछ रुपये दिए। इसके बाद जगवती वहीं रुक गई और गर्भवती को अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर भारत अल्ट्रासाउंड सेंटर में ले जाया गया। यहां एक डॉक्टर ने पोर्टेबल मशीन के जरिए अल्ट्रासाउंड किया और भ्रूण का लिंग लड़का बताया। इसके बाद वह व्यक्ति गर्भवती को वापस साई अस्पताल ले आया। जब टीम महिला के साथ दोबारा भारत अल्ट्रासाउंड केंद्र पहुंची तो केवल मशीन मिली। डॉक्टर जा चुका था। इस मौके पर डॉ. शैलेेंद्र डोगरा, डॉ. ममता सोनी, डॉ. विकास सैनी, डॉ. विशाल चौधरी, डॉ. देवेंद्र सभरवाल, डॉ. विजय, नीरज, पुलिस के जवान टीम में शामिल रहे।