किसान नेताओं ने कहा- रोहतक की सीमाएं 25 को करेंगे सील, स्टेडियम के बाहर खड़ी की जाएंगी पांच हजार ट्रैक्टर ट्रॉलियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी कड़ी में किसानों ने प्रदेश भर में गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाजपा व जजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं को ध्वजारोहण नहीं करने देने का एलान किया है। इस बात को लेकर किसान कई दिनों से लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर इस बात को दोहरा रहे हैं।
इसी बीच रोहतक में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण करने आ रहे प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल की तैयारियों में प्रशासन जुटा है। तो किसान विरोध पर आमादा हैं। अब 25 जनवरी को रोहतक की सीमाएं सील कर कार्यक्रम स्थल खेल स्टेडियम को पांच हजार ट्रैक्टर ट्रालियों से घेर लेने का एलान किया है।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा पंजाब एकता मंच के प्रधान सतीश राणा, भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान जय भगवान ने कहा कि किसान किसी भी सूरत में कृषि मंत्री जेपी दलाल के कार्यक्रम को नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा की गुरुवार को डीसी के साथ बैठक करके इस बात से अवगत करा दिया गया था।
जहां एक ओर किसान आंदोलनरत हैं, ऐसे में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करके सरकार माहौल को खराब करना चाह रही है। सतीश राणा ने कहा की संविधान में कहां लिखा है कि 26 जनवरी को कोई मंत्री ही झंडा फहराएगा। राज्य सरकार को थोड़ी समझ से काम लेते हुए इस बार हर जिले में झंडा फहराने के लिए किसी किसान, स्वतंत्रता सेनानी या पूर्व सैनिक को चुनना चाहिए।
हेलीकॉप्टर से आएंगे तो रोहतक में मंत्री को नहीं उतरने देंगे किसान
हरियाणा पंजाब एकता मंच के प्रधान सतीश राणा ने कहा की मंत्री जेपी दलाल को किसी भी कीमत पर कार्यक्रम में नहीं आने दिया जाएगा। उनके आने को रास्तों को बंद कर दिया जाएगा। यदि वे हेलीकॉप्टर से आने की कोशिश करते हैं तो उनका हेलीकॉप्टर उतरने नहीं दिया जाएगा। 25 जनवरी को राजीव गांधी स्टेडियम को ट्रैक्टरों से घेर दिया जाएगा।
स्टेडियम के बाहर करीब पांच हजार ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सीएम खुद करनाल के कैमला गांव में किसानों का गुस्सा झेल चुके हैं, इसके बाद भी वे अपने मंत्रियों को कार्यक्रमों में भेजना चाहते हैं। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की यह लड़ाई केंद्र सरकार से है, मगर राज्य सरकार खुद इसमें कूद कर प्रदेश का माहौल खराब करवाना चाह रही है। इस मौके पर संदीप सरपंच और जगजीत हुड्डा भी उपस्थित रहे।
किसानों के विरोध से निपटने को पुलिस प्रशासन भी तैयार : एसपी
26 जनवरी को किसान विरोध करते हैं तो इससे निपटने को पुलिस प्रशासन भी तैयारी कर रहा है। किसी प्रकार का उपद्रव न हो ऐसी व्यवस्था की जा रही है। वहीं एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि जिला पुलिस हर प्रकार की विषम स्थिति से निपटने को तैयार है। किसी भी सूरत में लोगों को कानून अपने हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। कानून व्यवस्था की स्थिति को खराब करने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।