रोहतक: दिल्ली मार्ग तीन दिन रहेगा बंद, सीवर लाइन को एसटीपी से जोड़ा जाएगा, अगले सप्ताह शुरू होगा काम
दिल्ली मार्ग पर बिछी सीवर लाइन को बोहर के एसटीपी से जोड़ा जाना है। यह कार्य करने के लिए कार्यदायी संस्था ने सारी तैयारी कर ली है।
विस्तार
रोहतक में अमृत योजना के तहत दिल्ली मार्ग पर बिछी सीवर लाइन को एसटीपी से जोड़ने का काम एक सप्ताह में होगा। इसके लिए तीन दिन के लिए दिल्ली मार्ग पूरी तरह से बंद रहेगा। दिल्ली और सोनीपत मार्ग की तरफ आवागमन करने वालों के लिए नगर निगम ने वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की है। जल्द पुलिस व प्रशासन के साथ बैठक करके मार्ग बंद करने की तारीख तय की जाएगी।
दिल्ली मार्ग पर बिछी सीवर लाइन को बोहर के एसटीपी से जोड़ा जाना है। सेक्टर-27 की तरफ से आ रही छोटी नहर के पास बड़ा मैनहोल बन गया है। मैनहोल से जोड़कर बड़ी लाइन को दिल्ली मार्ग क्रॉस कराया जाना है ताकि सीवर लाइन एसटीपी से जुड़ सके। यह कार्य करने के लिए कार्यदायी संस्था ने सारी तैयारी कर ली है। अगले सप्ताह मार्ग को बंद करने की प्रशासन से अनुमति का इंतजार है। निगम की टीम ने वैकल्पिक रास्तों का निरीक्षण भी कर लिया है, चूंकि डबल रोड बने हैं इसलिए जाम की भी समस्या नहीं रहेगी।
ये होंगे तीन दिन के वैकल्पिक मार्ग
दिल्ली से आने वाले वाहन पेट्रोल पंप के पास सेक्टर-27 की तरफ मुड़ेंगे। करीब दो किमी. आगे टी प्वाइंट से ओमैक्स सिटी (सीधे हाथ) की तरफ से मुड़ेंगे। ओमैक्स सिटी से फ्लाईओवर पर चढ़कर सर्किट हाउस के सामने से दिल्ली बाईपास पहुंचेंगे। इसी तरह से दिल्ली बाईपास से लोग आवागमन करेंगे। वहीं, सोनीपत की तरफ दिल्ली आवागमन करने वाले वाहन आईएमटी चौक या फिर सेक्टर-27 के सामने गढ़ी बोहर से होते हुए सोनीपत रोड के रास्ते से आवागमन करेंगे।
करीब पांच किमी. का बढ़ेगा चक्कर
तीन दिन तक दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को करीब पांच किमी. का चक्कर लगाना होगा। वहीं, सोनीपत मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों की दो से ढाई किमी. की दूरी बढ़ेगी।
तीन दिन लगातार 24 घंटे चलेगा काम
निगम की योजनानुसार बड़ी सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई होगी। खुदाई के बाद बेस बनाकर पाइप रखकर सड़क बनाने का काम होगा। तीन दिन के अंदर पूरा काम करना है, इसलिए दिन-रात टीमें काम में जुटेंगी।
बढ़ भी सकता है एक-दो दिन का समय
इंजीनियरों का कहना है कि फिलहाल तीन दिन के लिए दिल्ली मार्ग बंद करने की योजना है और तय समय में रास्ता चालू भी करना है। मगर एक-दो दिन बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता है। वजह, रास्ता खुलते ही भारी वाहनों का आवागमन शुरू होगा। ऐसे में सड़क की मिट्टी दबाना बड़ी चुनौती होगी। यदि मिट्टी सही तरह से नहीं दबी तो दिक्कत हो सकती है। इस विकल्प पर भी प्रशासन से बात की जाएगी।
बड़ी सीवर लाइन को दिल्ली मार्ग पार करवाना है। इसके लिए गहराई में खुदाई होनी है। जब दिल्ली मार्ग बंद होगी तभी यह काम हो सकेगा। इससे उपायुक्त को अवगत करवा दिया है। तीन दिन के लिए रास्ता बंद करने के लिए कहा है। वैकल्पिक रास्ते के बारे में भी उपायुक्त को अवगत करा दिया है। एक सप्ताह के अंदर यह काम कराया जाना है। जल्द उपायुक्त व पुलिस के साथ बैठक होगी जिसमें तारीख तय होगी। - मनजीत दहिया, अधिशासी अभियंता हेडक्वार्टर नगर निगम