रोहतक: बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर चलाई गोली, भारी मात्रा में हथियारों के साथ दो गिरफ्तार, बड़ी साजिश नाकाम
यूपी से लाए हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। मुख्य आरोपी दिल्ली निवासी ओमप्रकाश कार के साथ फरार हो गया। आरोपियों से 11 पिस्तौल, 176 कारतूस बरामद किए गए। खुलासा हुआ कि आरोपियों की दो-तीन लोगों को मारने की साजिश थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक में खरावड़ बाईपास के नजदीक सोमवार रात 2 बजे बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पर बदमाशों ने दो फायर किए। लेकिन पुलिस ने दो बदमाशों रोहतक के इस्माईला निवासी अमन और सोनीपत के पीपली निवासी मोहित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका सरगना दिल्ली के झाड़ौदा निवासी ओमप्रकाश फरार होने में कामयाब रहा।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 पिस्तौल और 176 कारतूस बरामद हुए हैं। खुलासा हुआ है कि आरोपी यूपी के अलग-अलग जगहों से अवैध हथियार खरीदकर लाए थे और स्थानीय बदमाशों को सप्लाई करने थे। इन हथियारों की मदद से दो-तीन स्थानीय लोगों की हत्या की जानी थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
एसपी उदय सिंह मीना ने बताया कि अपराध जांच शाखा द्वितीय को गश्त के दौरान सोमवार रात करीब दो बजे सूचना मिली कि खरावड़ बाईपास के नजदीक नौनंद रोड पर एक कार खड़ी है, जिसमें सवार तीन युवक राहगीरों को लूटने की साजिश बना रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो ओवरब्रिज के नीचे कार के पास तीन युवक खड़े मिले।
पुलिस ने उनसे पूछताछ करने के लिए आगे बढ़ी तो उन्होंने दो फायर किए. दो युवक खेतों में भाग लिए। पुलिस ने पीछा कर फायर कर रहे इस्माईला निवासी अमन और पीपली निवासी मोहित को धर दबोचा। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि भागने वाला युवक ओमप्रकाश निवासी झाड़ौदा, दिल्ली है।
युवकों के बैग की तलाशी ली तो अमन के पास 6 पिस्तौल और 70 कारतूस मिले। जबकि मोहित के पास से पांच देसी पिस्तौल और 106 कारतूस मिले। आरोपियों के खिलाफ आईएमटी थाने में हत्या के प्रयास, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
हथियारों की तस्करी करते हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी अमन व मोहित से पूछताछ में सामने आया कि मोहित के मामा गांव खरावड़ में रहते हैं। 2021 में अमन की दोस्ती मोहित से हुई थी। अमन और मोहित का खेड़ी साध निवासी पौना दोस्त है। पौने का जीजा ओमप्रकाश है। पौना के जरिये उनकी दोस्ती ओमप्रकाश से हो गई। पैसे कमाने के लिए अमन व मोहित ने मिलकर अपराध का रास्ता चुना और ओमप्रकाश के साथ मिलकर हथियारों की तस्करी करने लगे। आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-2 स्थानों से अवैध हथियार लाते थे और हरियाणा में विभिन्न गैंगों के सदस्यों को सप्लाई करते थे। इसके अलावा खुद भी हथियारों के बल पर चोरी और लूट की वारदात करते थे।
पुलिस रिकॉर्ड में ये है आरोपियों का आपराधिक सफर
रोहतक जिले के गांव इस्माईला निवासी 20 वर्षीय अमन 10वीं पास है। उसके खिलाफ चोरी, झपटमारी, हथियारों सहित झपटमारी, हत्या के प्रयास सहित पांच मामले दर्ज हैं। 2021 में हुई हत्या के प्रयास की वारदात के बाद आरोपी फरार चल रहा था।
आरोपी मोहित उर्फ टीनू उर्फ भांजा (29) सोनीपत के गांव पिपली का रहने वाला है और आठवीं पास है। उसके खिलाफ सोनीपत व रोहतक में पुलिस से मुठभेड़, अवैध हथियार रखने व लूट का मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक तीसरा आरोपी दिल्ली के झाड़ौदा निवासी ओमप्रकाश कार सहित फरार हो गया। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास व लूट के केस सहित कई मामले दर्ज हैं।
ये रहे टीम में शामिल
हथियारों सहित दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली अपराध जांच शाखा द्वितीय की टीम में इंस्पेक्टर नवीन जाखड़, एसआई रोहताश सिंह, एएसआई विरेंद्र, राजेंद्र, हवलदार देवेंद्र, गजे सिंह, सिपाही ब्रह्मप्रकाश व चालक अजीत सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने दो युवकों इस्माईला निवासी अमन व पीपली निवासी मोहित से 11 देसी पिस्तौल और 176 कारतूस बरामद किए हैं। जबकि तीसरा आरोपी ओमप्रकाश निवासी झाड़ौदा, दिल्ली कार लेकर फरार हो गया। पता चला है कि आरोपी यूपी के अलग-अलग जगहों से अवैध हथियार लाकर स्थानीय गैंगों को सप्लाई करते थे। साथ ही दो-तीन लोगों की हत्या की तैयारी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसका खुलासा नहीं कर रहे हैं। आरोपियों को रिमांड पर लेकर अवैध हथियारों की तस्करी की गहराई में जाने का प्रयास कर रहे हैं। तीसरे आरोपी को भी जल्द काबू कर लिया जाएगा। -उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक।