रोहतक: खिड़वाली में साधु की हत्या, ढाबे के बरामदे में मिला शव, आधार कार्ड पर बेरी के हनुमान मंदिर का पता
शिकायतकर्ता ने बताया कि रात को दो साधुओं के बीच झगड़े का पता चला है। आधार कार्ड में योगी धर्मदेव नाथ नाम लिखा है वहीं बेरी के हनुमान मंदिर का पता लिखा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक जिले के गांव खिड़वाली में ब्राह्मणवास रोड पर एक ढाबे के बरामदे में 47 वर्षीय साधु का शव मिला है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं। अंदेशा है कि रात को मौके पर दो साधुओं के बीच झगड़ा हुआ है। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव शनाख्त के लिए पीजीआई के शव गृह में रखवाया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के मुताबिक, खिड़वाली गांव निवासी समुंद्र सिंह ने दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। सोमवार को खिड़वाली से ब्राह्मणवास रोड स्थित एक ढाबे पर पहुंचा, जहां उसे संतराम उर्फ काला से कंप्यूटर की गोड़ी के पैसे लेने थे। दोपहर करीब पौने 12 बजे ढाबे पर पहुंचा तो बरामदे के अंदर एक साधु मृत मिला।
उसके सिर से खून बह रहा था। साथ ही शरीर पर रगड़ व चोटों के निशान थे। साफ है कि किसी ने हत्या की है। वहां पर उसने सुना है कि रात को दो साधुओं के बीच झगड़ा हुआ था। मामले की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
आधार कार्ड में लिखा बेरी के हनुमान मंदिर का पता
पुलिस को मौके से एक आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड के ऊपर नाम योगी धर्मदेव नाथ लिखा हुआ है। साथ ही बेरी के हनुमान मंदिर का पता लिखा हुआ है, लेकिन पुलिस ने जब बेरी में पूछताछ की तो पता चला कि इस नाम का साधु दो साल से नहीं है।
शक के आधार पर एक काबू, जल्द हो सकता खुलासा
साधु हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस ने एक व्यक्ति को शक के आधार पर काबू किया है। वारदात को लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। मामले में जल्द खुलासा हो सकता है।
साधु की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी पूरी तरह से शनाख्त नहीं हो सकी है। शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कुछ लोगों से शक के आधार पर पूछताछ हुई है। उम्मीद है जल्द वारदात की गुत्थी सुलझ जाएगी। - इंस्पेक्टर नवीन कुमार, प्रभारी सदर थाना