फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   roadways, bus, protest, worker, rohtak, haryana

हड़ताल पर गए रोडवेज चालक-परिचालक, यात्री आज भी रहेंगे बेबस

Tue, 06 Dec 2016 02:16 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक Updated Tue, 06 Dec 2016 02:16 AM IST
विज्ञापन
roadways, bus, protest, worker, rohtak, haryana
रोहतक डिपो से जाने वाली बसों के पहिए थमे, यात्री रहे परेशान - फोटो : amar ujala
रोडवेज डिपो में परिचालक और स्टैंड इंचार्ज के बीच हुआ विवाद सोमवार को तूल पकड़ गया। स्टैंड इंचार्ज पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर रोडवेज कर्मी हड़ताल पर चले गए। इससे नए बस स्टैंड से बसों का संचालन ठप हो गया। सुबह 10 बजे से रोहतक डिपो की बसों के  पहिए भी थम गए। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोडवेज की बसें नहीं मिलीं और निजी बसों में ज्यादा भीड़ होने के कारण यात्रियों को गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए दिक्कतें झेलनी पड़ीं। वहीं, रोडवेज कर्मचारियों का दावा है कि प्रशासन से हुई बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकल सका है। मंगलवार को भी रोहतक डिपो के चालक और परिचालक हड़ताल पर रहेंगे, इससे डिपो से बसों का परिचालन नहीं हो सकेगा। वहीं, जीएम का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में बसों का संचालन किया जाएगा।
विज्ञापन


ध्यान रहे कि नए बस स्टैंड पर रविवार सुबह परिचालक मनोज और स्टैंड इंचार्ज राजकुमार उर्फ बल्लू के बीच नोट बदलने को लेकर मारपीट हुई थी। परिचालक मनोज का आरोप है कि स्टैंड इंचार्ज राजकुमार ने पांच सौ और हजार के पुराने नोट देकर उससे फुटकर रुपये ले लिए थे। आरोप है कि राजकुमार ने जबरदस्ती उसे दोबारा पुराने नोट थमा दिए और कहा कि शाम तक इन्हें बदल कर दे देना वरना तेरा ट्रांसफर करवा दूंगा। दोनों में मारपीट के बाद अन्य चालक और परिचालक उसे स्टैंड परिसर स्थित पुलिस चौकी ले आए और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और विजिलेंस की जांच की मांग करने लगे। इसी मामले में रोडवेज के चालकों और परिचालकों, यूनियन के पदाधिकारियों ने सोमवार को सुबह 10 बजे के करीब रोहतक डिपो से बसों का संचालन रोक दिया और सभी यूनियन कर्मी, चालक और परिचालक परिसर में ही अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। जिला प्रधान हरियाणा कर्मचारी महासंघ जोगेंद्र बल्हारा, युद्धवीर दांगी, जितेंद्र लाकड़ा और आनंद खिलवाड़ी ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने और मामले की विजिलेंस से जांच करवाने की मांग उठाई।
विज्ञापन

बसों का संचालन बंद हो जाने के कारण यात्री परेशान हो गए। लोगों को जाने के लिए बसें नहीं मिलीं। विद्यार्थियों को भी मुसीबतें हुईं। इस दौरान गांव से आने वाली छात्राओं को वापस जाने के लिए रोडवेज की बस नहीं मिली और निजी बसों में भीड़ समेत अन्य परेशानियों का सामना करते हुए यात्रा करनी पड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन


जाम से बढ़ गया झाम, लोग परेशान

चालकों और परिचालकों के हड़ताल पर जाने से बस स्टैंड के सामने सड़क पर जाम लग गया। इससे आने-जाने वालों को दिक्कतेें हुईं। सुखपुरा चौक से नए बस स्टैंड की ओर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इस कारण सुखपुरा चौक से लेकर एक निजी स्कूल तक का रास्ता एक ओर से बंद है। वाहन एक ही ओर से नए बस स्टैंड तक आ रहे थे। इसलिए जाम लगने से परेशानी और बढ़ गई।


सफर में करना पड़ा ‘सफर’

रोहतक डिपो की बसें न चलने के कारण निजी बस संचालकों ने यात्रियों को बसों की छतों पर बैठाकर यात्रा करवाई। यात्रियों को छतों पर चढ़ने से किसी ने नहीं रोका। बसों में उन्होंने ठूसकर यात्रियों को बैठाया। मजबूरी में यात्रियों को भी इस तरह यात्रा करनी पड़ी।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, दो बजे पहुंचे जीएम

सुबह जैसे ही चालकों और परिचालकों ने हड़ताल शुरू की, प्रशासन से तहसीलदार, एसएचओ, रोडवेज में रोहतक डिपो के वर्कशॉप मैनेजर और मुख्य निरीक्षक डिपो की चौकी में पहुंचे। लेकिन जीएम के न होने के कारण बात नहीं बन पाई और हड़ताल जारी रही। दोपहर दो बजे तक जीएम डिपो में पहुंचे।

यूनियन के पदाधिकारी ने सीआई से मांगा फारवर्डिंग लेटर

इंटक यूनियन के सचिव रामकरण हुड्डा ने डिपो के सीआई से मांग की कि विभाग की ओर से वह एक फारवर्डिंग लेटर जारी कर दें, जिसमेें लिखा हो कि  दोषी के खिलाफ जांच की गई और पुलिस कार्रवाई करे। इस पर सीआई ने यह लिखने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक मुझसे बड़े अधिकारी हैं, मैं यह नहीं लिख सकता और यह मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है।

राजकुमार के स्टैंड इंचार्ज होने पर चालकों और परिचालकों को एतराज

चालकों और परिचालकों ने आरोपी राजकुमार के स्टैंड इंचार्ज होने पर एतराज जताया है। उन्होंने बताया कि राजकुमार का पद डिपो की कार्यशाला में इलेक्ट्रीशियन का है। ऐसे में वह स्टैंड इंचार्ज के पद पर कैसे काम कर रहा है? पिछले कई सालों से लगातार यह स्टैंड इंचार्ज ही बना है। दबी जुबान में उन्होंने बताया कि जब से नोट बंदी हुई है तब से चालकों और परिचालकों पर रौब गांठकर और ट्रांसफर करवाने की धमकी देकर यह लाखों रुपये बदलवा चुका है। कुछ चालकों और परिचालकों ने बताया कि इसके नोट बदलने के कारनामों की चर्चा सिरसा, पानीपत, सोनीपत समेत अन्य डिपो में भी होती रही है।

राजकुमार के समर्थन में एक भी कर्मचारी नहीं

चालकों और परिचालकों में यही चर्चा रही कि आखिर क्या कारण हैं कि कोई भी चालक और परिचालक बल्लू के पक्ष में नहीं है। कुछ चालकाें और परिचालकों ने बताया कि वैसे तो यूनियन वाले किसी भी रोडवेज कर्मी के साथ खड़े नजर आते हैं लेकिन बल्लू के साथ न तो कोई यूनियन हैं और न ही कोई चालक और परिचालक।

मान ली है मांग

यूनियन वालों की मांग मान ली है। एफआईआर दर्ज करवा दी है। उनके लिखे पत्र को महानिदेशक को भेज दिया है। बसों का संचालन अब सुचारू रूप से करवाएंगे।
- राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोहतक डिपो।

मान ली गईं कर्मचारियों की मांगें

कर्मचारियों की मांगें मान ली गईं हैं। इनकी ओर से सौंपे गए ज्ञापन को डीजी को भेजा जाएगा। अगर अभी भी कर्मचारी संतुष्ट नहीं हैं तो वे विधि सलाहकार से मशविरा करके केस में और धाराएं जोड़ी जाएंगी।
- प्रदीप कुमार, एडीसी रोहतक।

एडीसी से शाम की वार्ता विफल, आज भी जारी रहेगी हड़ताल

इस संबंध में शाम को एडीसी के साथ हुई वार्ता विफल रही। अब स्टेट बोर्ड की बैठक के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हुडा सिटी पार्क में सुबह 10 बजे से स्टेट बोर्ड की बैठक होगी।
- राम करण हुड्डा, महासचिव, इंटक यूनियन।

इधर ट्रेनोें में बढ़ गई भीड़

रोहतक रोडवेज के कर्मचारियों की हड़ताल के बाद स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। बसें न मिलने के कारण यात्रियों को ट्रेनों की ओर रुख करना पड़ा।

यात्रियों से बातचीत

गांव जाने के लिए नहीं मिली बस

कश्मीर से आ रहा हूं। रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड आ गया कि बस मिल जाएगी तो समय से गांव पहुंच जाऊंगा। लेकिन यहां आकर पता चला कि बस नहीं चल रही है। अब परेशान हूं।
- धर्मपाल यादव, यात्री।

छुट्टी हो गई खराब

झज्जर जाना है। कुछ विशेष काम है। इस कारण ही ऑफिस से छुट्टी ली थी। यहां बस नहीं मिल रही है। अब छुट्टी भी खराब हो गई और काम भी नहीं हुआ।
- जतन वीर, यात्री

पूरा दिन खराब हो जाएगा

गोहाना से आ रहा हूं। दिल्ली जाना है। यहां से कोई बस नहीं जा रही है। ट्रेन भी देरी से चल रही है। अब पूरा दिन खराब हो जाएगा।
- मोनू, यात्री।

साथ में है परिवार, बढ़ गई परेशानी

दिल्ली जाना है। बस नहीं मिल रही है। अकेले होता तो परेशानी झेल लेता लेकिन बच्चे साथ में हैं। बस न चलने के कारण अब इन बच्चों को भी मुसीबतें झेलनी पड़ेंगी।

- ओम प्रकाश और सीमा, यात्री।


बाइक छोड़कर भागा चोर
कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान रोडवेज डिपो के बाहर भीड़ बढ़ गई। मौके का फायदा उठाकर एक चोर डिपो परिसर के पास से बाइक लेकर जाने लगा। वाहनों की जांच कर रहे पुलिस कर्मियों ने उसे चेक करने के लिए रोका। भीड़ ज्यादा होने के कारण पुलिस वालों ने उसे बाइक को सड़क  के दूसरी ओर किनारे लगाने को कहा। इस पर युवक बाइक को किनारे पर तो ले आया लेकिन किनारे पहुंचते ही उसने बाइक समेत भागने की कोशिश की। इस पर उसके साथ चल रहे कांस्टेबल ने बाइक को पीछे से पकड़ लिया। बाइक तो गिर गई लेकिन युवक मौके से भाग निकला।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed