Rohtak: सांघी हत्याकांड में चार गिरफ्तार, दो साल पहले हुए हमले का बदला लेने के लिए की हत्या
मुख्य आरोपी बोला कि मृतक ने प्लास से उसका नाखून तक उखाड़ने का प्रयास किया था। पूछताछ में आरोपी अनुकूल बोला कि मनीष व उसके साथियों ने हमला किया था, उसी रंजिश के चलते वारदात की। पुलिस आरोपी युवकों को अदालत में पेश करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक में पूर्व सीएम के पैतृक गांव सांघी में सोमवार को दिनदहाड़े पंचायत समिति की महिला पार्षद के भतीजे मनीष (20) की हत्या का राज खुल गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों सांघी गांव निवासी अनुकूल उर्फ सैफ अली (23), विकास उर्फ विक्की (22), सचिन उर्फ भूत (19) और गोहाना के गांव आहुलाना निवासी सागर (21) को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी अनुकूल ने खुलासा किया है कि मृतक मनीष ने जनवरी 2020 में रोहतक शहर में न केवल अपने साथियों सहित हमला किया, बल्कि प्लास से उसके हाथ का नाखून उखाड़ने का प्रयास किया। उसी हमले का बदला लेने के लिए वारदात अंजाम दी गई है। अब पुलिस बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार लोहचब ने बताया कि सोमवार दोपहर बाद सूचना मिली कि सांघी गांव में युवक मनीष को गोलियां मारी गई, उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चाचा एवं गांव के पंच रामनिवास की शिकायत पर गांव के युवक अनुकूल, विकास, सचिन व गोहाना के आहुलाना गांव निवासी सागर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। एसपी ने सीआईए द्वितीय व सदर थाने की संयुक्त टीम तैयार की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी खेतीबाड़ी का कार्य करते हैं।
सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था मुख्य आरोपी
एएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी अनुकूल जनवरी 2020 में एचएसवीपी के सेक्टर 3 स्थित कार्यालय में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। दो जनवरी को मनीष ने अपने साथियों के साथ मिलकर अनुकूल पर हमला कर दिया। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में मनीष, उसके साथी विक्की व निशांत के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामले में मनीष व उसके साथी गिरफ्तार हो चुके हैं। अभी मामला अदालत में विचाराधीन है।
बदला लेने के लिए की मनीष की हत्या
जांच में पता चला है कि अनुकूल दो साल पहले हुए हमले का बदला लेना चाहता था। इसी के चलते आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मनीष की हत्या की साजिश तैयार की। इसके लिए तीन पिस्तौल का इंतजाम किया। बाइक अपने दोस्त से ले ली। जबकि एक्टिवा अनुकूल की है। अनुकूल अपने दोस्त सागर के साथ एक्टिवा और सचिन व विकास बाइक पर टेंट हाउस के पास पहुंचे, जहां मनीष सामान उतार रहा था। चारों युवकों ने मनीष पर फायरिंग शुरू कर दी।
वह जान बचाने के लिए खेतों की तरफ भागा तो युवकों ने पीछा करते हुए उसे घेर लिया। अनुकूल ने मनीष पर फायर किया। फायर मिस होने पर उसने व विकास ने चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे चार गोली मारी गई। घायल को परिजन पीजीआई ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।