{"_id":"660ef0c63670b4ef9f06386e","slug":"brother-and-sister-caught-snatchers-in-rohtak-2024-04-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिखाई दिलेरी: स्कूटी पर जा रही छात्रा से बैग छीना, भाई-बहन ने आरोपियों को दबोचा, पुलिस को सौंपा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
दिखाई दिलेरी: स्कूटी पर जा रही छात्रा से बैग छीना, भाई-बहन ने आरोपियों को दबोचा, पुलिस को सौंपा
Thu, 04 Apr 2024 11:56 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Thu, 04 Apr 2024 11:56 PM IST
सार
पीएचडी की छात्रा घर से विवि जा रही थी। वहीं भाई नगर निगम से पीएफ ऑफिस जा रहा था। दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है।
विज्ञापन
पीएचडी की छात्रा पूजा बिड़लान। छात्रा का भाई अरुण बिड़लान।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के रोहतक शहर के डी पार्क पर दिनदहाड़े घर से मस्तनाथ विवि जा रही पीएचडी की छात्रा का स्कूटी सवार दो युवकों ने बैग छीन लिया। बहन ने साथ चल रहे भाई के साथ मिलकर झपटमारों को दबोच लिया। भीड़ की मदद से आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस आरोपी मनोज और पवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया, जिन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
रामलीला पड़ाव, नजदीक पुराना बस स्टैंड निवासी पूजा बिड़लान ने पुलिस को शिकायत दी कि वह बाबा मस्तनाथ विवि से अर्थशास्त्र में पीएचडी कर रही है। वीरवार को दोपहर करीब 1 बजे वह घर से विवि के लिए स्कूटी पर जा रही थी। आंबेडकर चौक पर उसका भाई अरुण बिड़लान बाइक पर मिला, जो नगर निगम से पीएफ कार्यालय जा रहा था। दोनों साथ-साथ चल रहे थे।
विज्ञापन
जब डी पार्क से थोड़ा पहले निजी बैंक के सामने पहुंचे तो पीछे से स्कूटी पर दो युवक आए और झपटा मारकर बैग छीनकर भागने लगे। आगे जाम लगा था, तभी पीछे से अरुण व पूजा ने भागकर स्कूटी सवार युवकों को दबोच लिया। भीड़ ने भी आरोपियों को दबोचने में मदद की।
विज्ञापन
सूचना पाकर डी पार्क पुलिस चौकी से पुलिस आ गई और आरोपियों से पूछताछ की। स्कूटी चलाने वाले का नाम मनोज व पीछे बैठे युवक का नाम पवन बताया। इसके बाद पुलिस आरोपियों को स्कूटी सहित अपने साथ ले गई।
आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रहे हैं। शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। -एसआई सुरेंद्र, जांच अधिकारी थाना सिविल लाइन
लगातार हो रही झपटमारी की वारदात
शहर में झपटमारी की लगातार वारदात हो रही हैं। एक सप्ताह पहले गांधी कैंप में डॉक्टर के छह हजार रुपये छीने, शीला बाईपास के पास वकील की पत्नी की चेन तोड़ी, जबकि सेक्टर तीन में झपटमारी की वारदात हुई। इससे पहले मोबाइल फोन छीनने की भी लगातार वारदात हो चुकी हैं। इसके बावजूद पुलिस झपटमारों पर नकेल नहीं कस सकी है।