कस्सी से महिला की हत्या: पत्नी पर शक करता था पति, पीजीआई में तोड़ा दम, बेटी ने कराया था हत्या का केस दर्ज
मृतक बलवंत का पोस्टमार्टम होगा। उधर, महिला की कोरोना रिपोर्ट न मिलने से शनिवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
विस्तार
हरियाणा के रोहतक जिले के सैमाण गांव में खेत में महिला की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका की बेटी का आरोप है कि उसका पिता बलवंत मां पर शक करता था। योजना के तहत वह उसकी मां को खेतों में ले गया और कस्सी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बलवंत के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
इसी बीच, शनिवार शाम को आरोपी बलवंत ने भी दम तोड़ दिया, जिसे गंभीर हालत के चलते आईसीयू में दाखिल किया गया था। रविवार को पुलिस शवों का पोस्टमार्टम करवाएगी। क्योंकि शनिवार को कोरोना रिपोर्ट न मिलने के कारण महिला के शव का भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
महम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को सूचना मिली कि सैमाण गांव में एक महिला की हत्या कर दी गई है। शव खेतों में पड़ा हुआ है, जबकि उसके पति को जहरीला पदार्थ खाने के चलते अस्पताल में दाखिल कराया गया है। एसपी हेमंत कुमार मीणा एसएचओ प्रह्लाद सिंह व पुलिस की टीम रात को ही एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया के साथ मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। महिला पर करीब 20 वार किए गए थे। रात को परिजनों ने शिकायत नहीं दी। इसके चलते शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया गया था।
साजिश के तहत पिता ले गया मां को खेत में
पुलिस के मुताबिक शनिवार को मृतका की बेटी ने लिखित शिकायत दी थी कि उसके पिता बलवंत सिंह मां पर शक करते थे। साथ ही इस बात को लेकर मारपीट भी करते थे। पिता ने गांव के एक युवक की जमीन खेती करने के लिए साझे पर ले रखी थी। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे उसका पिता मां को स्प्रे करने के बहाने खेत में ले गया। खेत में उसके पिता ने मां की कस्सी मारकर हत्या कर दी। पिता से बहनों व भाई को भी जान का खतरा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पत्नी की हत्या के आरोपी बलवंत ने स्प्रे पी लिया था। उसे शुक्रवार को महम में दाखिल करवाया गया, जहां से रात को पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उसकी हालत गंभीर थी, जिसके चलते शनिवार शाम को उसने दम तोड़ दिया। - इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह, थाना प्रभारी महम