फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   वकील के मुंशी के बेटे ने की चोरी

वकील के मुंशी के बेटे ने की चोरी

Sat, 03 Feb 2018 03:00 AM IST
Updated Sat, 03 Feb 2018 03:00 AM IST
विज्ञापन
वकील के मुंशी के बेटे ने की चोरी
गोशाला से एक लाख रुपये चोरी कर अय्याशी करने गया दिल्ली -----
विज्ञापन

रेडलाइट एरिया में छिन गए पैसे तो दोबारा पहुंचा चोरी करने, गिरफ्तार

- बेटे की हरकतों से परेशान वकील के मुंशी पिता ने कर रखा है घर से बेदखल
- ताला तोड़ने की जगह नटबोल्ट खोलकर की चोरी, सीसीटीवी में हुआ कैद

अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
गोशाला के दानपात्र से वकील के मुंशी के बेटे ने पहले तो जनता कॉलोनी स्थित गोशाला से एक लाख की नकदी चोरी की। फिर दिल्ली के जीबी रोड पहुंच गया अय्याशी करने। वहां कुछ बदमाशों ने रोड पर ही सरेआम लूट लिया। जब वह वापस रोहतक आ रहा था तो ट्रेन में युवकों ने बचे-खुचे पैसे भी छीन लिए। जब जेब खाली हो गई तो आरोपी 16 दिन बाद दोबारा दानपात्र में सेंध लगाने पहुंच गया, लेकिन इस बार गोशाला प्रबंधन और पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी की सारी करतूत गोशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं बेटे की करतूतों से परेशान पिता ने उसे पहले की अपनी संपत्ति से बेदखल किया हुआ है।

जनता कॉलोनी में श्री वैश्य व्यायामशाला व गोशाला है। गोशाला के प्रधान सुभाष तायल ने बताया कि गोशाला के ऑफिस के बाहर दानपात्र लगा हुआ है। कई बार गोशाला में रात के समय कर्मचारी नहीं होते हैं। तायल का कहना है कि 16 जनवरी की रात करीब बारह बजे एक युवक गोशाला के अंदर घुस गया। युवक ने दानपात्र से करीब एक लाख रुपये निकाल लिये और मौके से फरार हो गया। चोरी किये गये रुपये लूट जाने के बाद आरोपी 16 दिन बाद 31 जनवरी को फिर से गोशाला में चोरी करने पहुंचा। जब वह दानपात्र में सेंधमारी कर रहा था तो तभी उसे गोशाला के एक कर्मचारी ने देख लिया। इसी बीच आरोपी को भनक लग गई और वह भाग गया। कर्मचारियों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आया। रास्ते में कर्मचारियों को गश्त करते हुए पुलिस की 16 नंबर राइडर मिली और पूरी जानकारी उन्हें दी। इसके बाद राइडर ने कॉलोनियों की गली में आरोपी को तलाश करके उसे दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने ही 16 जनवरी को दानपात्र में चोरी की थी। आरोपी की पहचान जनता कॉलोनी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। आरोपी के पिता जिला रोहतक बार के एक वकील के मुंशी है। पुलिस ने आरोपी हिमांशु को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन


शोर की वजह से दानपात्र का ताला नहीं तोड़ा
आरोपी ने बड़े शातिर तरीके से दानपात्र से रुपये चोरी किये थे। आरोपी ने तोड़फोड़ की आवाज से बचने के लिए दानपात्र का ताला नहीं तोड़ा। उसने पलाश और अन्य औजार से दानपात्र के नट बोल्ट खोले और उससे रुपये निकालकर अपने बैग में भर लिये। इसके बाद आरोपी ने चुपके से पहले की तरह ही नट बोल्ट को लगा दिया। आरोपी एक नट बोल्ट को पूरी तरह से नहीं लगा सका। तीन दिन बाद जब एक कर्मचारी की नजर दानपात्र पर पड़ी तो उसे संदेह हुआ। इस पर दानपात्र का ताला खोला तो उसमें से सारे रुपये गायब मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन


6 दिन की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो हुआ खुलासा
दानपात्र में चोरी का पता चलने के बाद मामले की तह तक जाने के लिए गोशाला प्रबंधन ने ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे की 11 से लेकर 16 जनवरी तक की फुटेज खंगाली। इस दौरान 16 जनवरी की फुटेज में सामने आया कि आरोपी दानपात्र से चोरी करके अपनी बैग में रुपये भर रहा है। हालांकि उस समय फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। प्रबंधन ने पुलिस को वारदात की सीसीटीवी सौंपी थी।

अय्याशी करने पहुंचा था दिल्ली, लूटपाट हुई तो फिर पहुंचा चोरी करने
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल यामीन ने बताया कि पकड़ में आने के बाद आरोपी ने खुलासा किया कि वह चोरी के रुपये लेकर दिल्ली के जीबी रोड पर अय्याशी करने पहुंचा था। मगर यहां तीन युवकों ने उसकी पिटाई करके सरेआम उससे रुपये छीन लिये। जब उसने शोर मचाया तो आरोपी झीनाझपटी करके फरार हो गये। जेब में बचे कुछ रुपये लेकर आरोपी ट्रेन से रोहतक आ रहा था। उसने पुलिस को बताया कि ट्रेन में भी उसके साथ कुछ युवकों ने मारपीट करके बचे हुए रुपये भी लूट लिये। जैसे तैसे करके वह रोहतक पहुंचा। रुपये खत्म होने के बाद आरोपी दोबारा गोशाला में चोरी करने पहुंचा था। मगर इस बार उसे चोरी करने से पहले ही दबोच लिया गया।

नशे का आदी है हिमांशु, चोरी की 3 वारदात कबूली
जांच अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की तीन वारदात कबूल की है। आरोपी ने बताया कि दानपात्र में चोरी के अलावा उसने कुछ समय पहले दो बाइक भी चोरी की थी। इन मामलों में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में आरोपी ने दावा किया कि वह चोरी के पहले दो मामलों में बरी हो गया था। जांच अधिकारी का कहना है कि हिमांशु नशे का आदी है। नशे की लत पूरी करने के कारण चोरी करता है। पुलिस ने आरोपी से पेचकश, आरी का ब्लेड, बैग और घड़ी चश्मा बरामद किया है।

पिता ने भी कर रखा है संपत्ति से बेदखल
यदि हिमांशु के परिवार पर नजर डाले तो उसके पिता कोर्ट में एक वकील के मुंशी है जबकि उनकी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। उसका भाई फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में काम करता है। हिमांशु के पकड़े जाने के बाद उसके पिता ने पुलिस से कहा कि उसकी हरकतों से पूरा परिवार शर्मिंदा है। कई बार समझाने के बावजूद नशे का आदी होने के कारण उसने परिवार की एक नहीं सुनी। लगातार परेशान होने के बाद हिमांशु को परिवार ने संपत्ति से बेदखल कर दिया है। अब उसका परिवार से कोई लेना देना नहीं है।


वर्जन
जब आरोपी ने पहली बार चोरी की तो हमें पता ही नहीं चला। क्योंकि उसने नट बोल्ट खोलकर रुपये निकाले थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर वारदात का पता चला। उसने दोबारा चोरी का प्रयास किया मगर इस बार पुलिस के सहयोग से उसे दबोच लिया गया।
- सुभाष तायल, प्रधान श्री वैश्य व्यायामशाला व गोशाला जनता कॉलोनी



















विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed