Sports: पहलवानों के समर्थन में आए बॉक्सर अमित पंघाल, PM मोदी से लगाई न्याय की गुहार
अमित पंघाल ने कहा कि मेडल जीतन पर मिलने वाले आपके प्यार की तरह इस आंदोलन में भी आम जन शामिल हों। मैं भी आंदोलन में शामिल होने जा रहा हूं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महिला पहलवानों के उत्पीड़न के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को बॉक्सर अमित पंघाल ने भी अपना समर्थन दिया है। साथ ही प्रधानमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए समस्या के निवारण की अपील की है।
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में अमित पंघाल ने कहा है कि महिला पहलवानों के साथ गलत हुआ है। कहीं कुछ गड़बड़ जरूर है। इसीलिए आवाज उठाई गई है। साथ ही जंतर-मंतर पर धरना देना पड़ रहा है। मेडल जीतन पर मिलने वाले आपके प्यार की तरह इस आंदोलन में भी आम जन शामिल हों।
मैं भी आंदोलन में शामिल होने जा रहा हूं। आप भी पहुंचे। प्रधानमंत्री से नम्र निवेदन है कि वे इस मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्या का शीघ्र निवारण करें। खिलाड़ियों को सिर्फ खेलने दें। इस तरह सड़क पर आंदोलन उनकी प्रतिभा को बर्बाद करेगा।
महिला पहलवानों के उत्पीड़न मामले को लेकर आक्रोशित पहलवानों ने गोंडा में होने वाली ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का बहिष्कार कर दिया है। गोंडा पहुंचे पहलवानों ने वीडियो जारी कर उत्पीड़न की शिकार महिला पहलवानों के समर्थन में टूर्नामेंट के बहिष्कार का फैसला लिया है। साथ ही पहलवानों के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को भी समर्थन दिया है। इधर, एमडीयू के गेट नंबर दो के बाहर शहीद भगत सिंह युवा छात्र संगठन के सदस्यों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष का पुतला फूंक कर रोष जताया।
मेहर सिंह अखाड़े समेत अन्य अखाड़ों के पहलवानों के साझा वायरल वीडियो में खिलाड़ियों ने गोंडा टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने की बात साफ-साफ कही है। महिला पहलवानों से हुए उत्पीड़न को लेकर पहलवानों में गुस्सा है। इसी के चलते सभी ने टूर्नामेंट शामिल न होकर जंतर-मंतर में धरने पर पहुंचने का फैसला लिया है।
पहलवानों का कहना है कि महिला पहलवानों के साथ गलत हुआ है। उसने हिम्मत करके अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई है। यही नहीं, गुजरात में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। इसकी ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ऐसे में कुश्ती संघ के अध्यक्ष की भूमिका पूरी तरह से संदिग्ध नजर आ रही है। इसलिए पहलवानों का टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मतलब ही नहीं बनता। वे अन्याय के खिलाफ पहलवानों के धरने का समर्थन करते हैं।
कुश्ती संघ के अध्यक्ष का फूंका पुतला
शहीद भगत सिंह युवा छात्र संगठन के अध्यक्ष प्रदीप मोटा ने कहा कि खेल जगत में हर रोज हो रहे घोटालों और कुकृत्यों से दुखी होकर संगठन ने विरोध प्रदर्शन किया। कुश्ती संघ के अध्यक्ष का पुतला फूंका है। महिला पहलवान ने अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके बावजूद मामले में कार्रवाई न होना निंदनीय है। महिला पहलवानों का यौन शोषण का खुलासा अपने आपमें मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
एमडीयू के गेट नंबर दो के बाहर कुश्ती संघ के अध्यक्ष का पुतला फूंकते छात्र संगठन के सदस्य।
खिलाड़ियों ने तो लखनऊ में राष्ट्रीय शिविर के दौरान कई कोच की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। इन पर भी महिला पहलवानों का शोषण करने का आरोप लगा है। इस मामले की गंभीरता से निष्पक्ष जांच करा कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर हिमांशु देसवाल, लक्ष्य मलिक, साहिल बुधवार, पारस, राहुल कुंडू, राहुल, साहिल, रोहित गिल, प्रवेश बाबा, रवि हुड्डा व अन्य छात्र मौजूद रहे।