रोहतक। हरियाणा कृषि विश्व विद्यालय हिसार के पूर्व वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डाॅ. धर्मसिंह रविवार को ऑस्ट्रेलिया से रोहतक पहुंचें। सुनो नहरों की पुकार मिशन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। नहरों में बढ़ता प्रदूषण फसलों, जीव जंतुओं और मनुष्यों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। कृषि वैज्ञानिक ने कहा हमारे किसी भी धर्म शास्त्र में पानी में कोई भी सामान प्रवाहित करने का वर्णन नहीं है। इसलिए हमें किसी भी अंधविश्वास में ना रहकर नहरों और नदियों के पानी को शुद्ध रखना चाहिए। पृथ्वी पर पीने योग्य पानी 1.2 प्रतिशत ही है, इसलिए हमें पानी को बचाना चाहिए। ताकि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध जल मिल सके। इस मौके पर मिशन के मुख्य संरक्षक डॉ. जसमेर सिंह, संरक्षक दीपक छारा, कोषाध्यक्ष अजय हुड्डा, डॉ. रविंद्र नांदल, प्रीत सिंह अहलावत , सतबीर छिक्कारा, राजबीर मलिक, करण सिंह अहलावत, साहब सिंह धामड, हिमानी नरवाल, निर्मल पन्नू और नरेश नांदल मौजूद रहे।