साल्हावास। राजकीय महाविद्यालय बिरोहड़ के खेल मैदान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत वॉलीबाल मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य दलबीर सिंह एवं प्रशासनिक प्रभारी डॉ. सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुआ। डॉ. सुरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। खेलकूद प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन दौड़, वार्म-अप, स्ट्रेचिंग, योग एवं शारीरिक व्यायाम करने का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।