महम। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने छापा मारकर परचून के सामान से भरे 6 ट्रकों को अपने कब्जे में लिया है। इन ट्रकों को शुगर मिल के प्रांगण में खड़ा किया गया है। देर रात तक पुलिस व टैक्स विभाग के अधिकारी जांच में जुटे थे। छापामार टीम में खुफिया विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे।
वीरवार सुबह करीब तीन बजे मदीना टोल प्लाजा के पास वाहनों की चेकिंग की गई थी।। इस दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छह वाहनों को अपने कब्जे में लेकर छानबीन के लिए महम चीनी मिल में खड़ा करवा लिया। टीम के मुताबिक शिकायत मिल रही थी कि रात के समय या अल सुबह दिल्ली से माल लेकर हिसार की ओर जाने वाले वाहनों में बिना जीएसटी के सामान ले जाया जाता है। इस वजह से सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है। ये वाहन दिल्ली से रात के समय चलते हैं और दिन निकलने से पहले ही ये अपने गंतव्य स्थल तक पहुंच जाते हैं। इसके चलते मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने दिल्ली-हिसार रोड पर मदीना टोल प्लाजा के पास सुबह 6 वाहन रुकवा लिए। इसमें पांच ट्रक व एक कैंटर शामिल हैं। सभी को महम थाने ले जाया गया, लेकिन मालवाहक ट्रकों की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण उन्हें शुगर मिल ले जाया गया। जांच टीम ने सभी गाड़ियों के कागजात व बिल्टी अपने कब्जे में ले ली। साथ ही सेल्स टैक्स विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक यह नहीं बताया जा सकता कि वास्तव में जीएसटी चोरी की गई है या नहीं। टीम में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के एएसआई सहदेव व गुप्तचर विभाग के जिला अधिकारी तेज राम इंस्पेक्टर, अनिल कुमार व सतपाल भी मौजूद रहे।