कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को जिले में एक साल के बच्चे समेत 236 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें डॉक्टर, विद्यार्थी, शिक्षक, गृहिणी, सरकारी-गैर सरकारी कर्मी, मजदूर, किसान हर वर्ग शामिल हैं। कोरोना संक्रमण से बुधवार को छह लोगों की मौत हो गई। जबकि नगर निगम की टीम ने दो श्मशानों में 42 शवों का अंतिम संस्कार किया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को जिले में 236 संक्रमितों के साथ अब तक संक्रमित हुए लोगों का आंकड़ा 15,876 पहुंच गया है। विभाग ने 2164 लोगों के सैंपल लिए हैं। इसके साथ ही अब तक जिले में तीन लाख 59 हजार 124 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से तीन लाख 41 हजार 757 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में 1491 लोगों को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 1211 हो गई हैं। इनमें से अस्पतालों में 36 व 1175 घरों पर एकांतवास में उपचाराधीन हैं। वहीं, संक्रमण दर 4.42 प्रतिशत व रिकवरी दर 91.15 प्रतिशत है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, छह मौतों के साथ महामारी से जिले में अब तक मरने वालों का आंकड़ा 194 पहुंच गया है। इधर, महामारी पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग का वैक्सीनेशन जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को 700 लोगों को पहली व 326 को दूसरी डोज लगाई गई। इसके साथ जिले में अब तक वैक्सीन लगवाने वालों का आंकड़ा एक लाख 22 हजार 652 पहुंच गया है।