रेवाड़ी। दिल्ली रोड स्थित नव सृष्टि योग एवं शोध संस्थान कार्यालय में बुधवार को पतंजलि योगपीठ स्थापना दिवस व 75 करोड़ सूर्य नमस्कार संकल्प दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा योग आयोग के सदस्य डॉ. मदन मानव मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 75 करोड़ सूर्य नमस्कार के महाआयोजन में शामिल होने के लिए युवा आगे आएं और बढ़-चढ़कर भाग लें। साथ ही अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण करवाते हुए सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाएं।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा भारत हरियाणा के राज्य प्रभारी प्रदीप डागर ने सभी को इस कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दी। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी व हरियाणा योग आयोग के जिला संयोजक युद्धवीर ने सभी को पंजीकरण की प्रक्रिया विस्तार से समझाए। कार्यक्रम की शुरुआत हवन के साथ की गई। इसमें पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दयाराम आर्य यज्ञ ब्रह्मा के रूप में तथा योग विशेषज्ञ राकेश छिल्लर व संगीता उपस्थित रहे। महिला प्रभारी कांता ने भजन के माध्यम से सभी को योग का संदेश दिया। युवा भारत के जिला प्रभारी धर्मेंद्र ने कहा कि हमें अधिक से अधिक युवाओं को इस मुहिम में जोड़कर इस कार्य को सफल बनाने के लिए कार्य करना होगा। इसके अंतर्गत महाविद्यालयों से लेकर प्राथमिक स्कूल तक संपर्क करना होगा। इस अवसर पर रामनिवास आर्य, ओम प्रकाश गांधी, गीता, सरोज, होशियार सिंह, हर्षित मानव, जयदीप, ओमपाल सैनी, नितिन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।