Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rewari News ›   The landscape has transformed over three and a half decades; the district has become a hub for education and healthcare.

Rewari News: साढ़े तीन दशक में बदली रेवाड़ी की तस्वीर, ऑटोमोबाइल, शिक्षा-स्वास्थ्य का बना हब

Sun, 01 Nov 2026 01:05 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी Updated Sun, 01 Nov 2026 01:05 AM IST
विज्ञापन
The landscape has transformed over three and a half decades; the district has become a hub for education and healthcare.
जिले में बना शिक्षा ​विभाग का कार्यालय। संवाद
रेवाड़ी। वीरभूमि से पहचान बनाने वाले रेवाड़ी जिले ने स्थापना के साढ़े तीन दशक बाद विकास की नई इबादत लिखी है। जिला बनने से पहले खेती और पारंपरिक कारोबार पर सीमित यह जिला अब ऑटोमोबाइल उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधुनिक परिवहन के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
विज्ञापन

जिले की स्थापना 1 नवंबर 1989 को हुई थी। जिले के धारूहेड़ा और बावल में औद्योगिक विस्तार ने हजारों लोगों को रोजगार देने के साथ ही अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार दी। एनसीआर का हिस्सा बनने से दिल्ली-गुरुग्राम से इसकी कनेक्टिविटी मजबूत हुई। अब माजरा में आकार ले रहा एम्स, प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर, नए बस स्टैंड, आधुनिक अस्पताल और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाएं विकास के अगले अध्याय की नींव रख रही हैं।
विज्ञापन

खेल के मैदानों से अंतरराष्ट्रीय पदकों तक और खेतों से औद्योगिक इकाइयों तक रेवाड़ी ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित की है। हालांकि, तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच सीवरेज, पेयजल और पर्यावरण जैसी चुनौतियां भी सामने हैं। कुल मिलाकर, साढ़े तीन दशक में रेवाड़ी ने परंपरा से आधुनिकता तक का सफर तय करते हुए विकास की नई पहचान गढ़ी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एनसीआर में शामिल होने से जिले की दिल्ली, गुरुग्राम और राजस्थान से कनेक्टिविटी को विस्तार मिला। शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा तकनीकी संस्थानों का विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य सेवाओं में नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का नेटवर्क विकसित हुआ है। अब माजरा में करीब 1700 करोड़ रुपये की लागत से एम्स का निर्माण जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बनने जा रहा है।

एम्स रेवाड़ी का निर्माण 68 प्रतिशत पूरा
गांव माजरा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का निर्माण कार्य 68 प्रतिशत पूरा हो चुका था। 1700 करोड़ रुपये की लागत से 210 एकड़ में विकसित हो रहे इस संस्थान में 750 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाया जा रहा है। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 19 सितंबर को घोषणा की थी कि एम्स में नवंबर 2026 से ओपीडी सेवाएं शुरू करने की तैयारी है। मेडिकल कॉलेज में पहले चरण में एमबीबीएस की 50 सीटों को मंजूरी मिली है। परिसर में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, सुपर स्पेशियलिटी विभाग, आईसीयू और आपातकालीन सेवाओं की सुविधा होगी। एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू हो चुकी है।

जिले में बन रहे तीन नए बस स्टैंड
जिले में रेवाड़ी, धारूहेड़ा और कोसली में नए बस स्टैंड विकसित किए जा रहे हैं। रेवाड़ी के सेक्टर-12 में 65 करोड़ रुपये की लागत से करीब 20 एकड़ में बस स्टैंड का निर्माण फरवरी 2026 में शुरू हुआ था। इसे दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है। धारूहेड़ा में 12.78 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड बनाया जा रहा है। इसे 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कोसली में 11.57 करोड़ रुपये की लागत से नए बस स्टैंड का 16 अक्तूबर को शिलान्यास किया गया था। भवन निर्माण के लिए 5.37 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसके निर्माण के बाद यहां 50 बसों के संचालन की योजना है और सब डिपो भी स्थापित होगा।

नागरिक अस्पताल का नया भवन बनाने की तैयारी
जिला नागरिक अस्पताल के पुराने भवन को तोड़कर नए सिरे से छह मंजिला अस्पताल बनाने की योजना है। 3 भवन का नक्शा तैयार हो चुका है और लोक निर्माण विभाग बजट एस्टीमेट बनाने में जुटा है। इसके बाद सरकार से बजट मंजूरी लेकर टेंडर जारी किया जाएगा। मौजूदा प्रक्रिया के चलते इस साल निर्माण शुरू होने की संभावना कम है। प्रस्तावित भवन में दो बेसमेंट और छह मंजिल होंगी। अस्पताल को 200 से बढ़ाकर 300 बेड का करने की योजना है। इसमें एमआरआई, सीटी स्कैन, कैथ लैब, आधुनिक आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, इमरजेंसी और ओपीडी की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सिविल सर्जन कार्यालय को भी अस्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।

कोसली फ्लाईओवर का निर्माण पूरा
कोसली रेलवे स्टेशन के समीप नाहड़-साल्हावास मार्ग पर बने फ्लाईओवर का पुनर्निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। करीब 11.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल तैयार किया गया है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार पुल के दोबारा शुरू होने से कोसली शहर और आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। फ्लाईओवर बंद रहने के कारण वाहन चालकों को करीब सात किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और किसानों को परेशानी होती थी। अब कोसली-कनीना मार्ग पर आवागमन सुगम हो गया है और शहर के दोनों हिस्सों के बीच संपर्क बहाल हो गया है।

एक छत के नीचे आए शिक्षा विभाग के कार्यालय
जिले के सेक्टर-4 में नवनिर्मित शिक्षा सदन का 11 सितंबर को विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने शुभारंभ किया। इससे पहले 24 अगस्त को शिक्षा विभाग के कार्यालय नए भवन में शिफ्ट किए गए थे। भवन के भूतल पर जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी और उप जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय बनाए गए हैं। प्रथम तल पर लिपिकीय शाखाएं और विषय विशेषज्ञों के कार्यालय हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यालय संचालित होगा। इससे पहले ये कार्यालय करीब 20 वर्षों से राजकीय बॉयज स्कूल परिसर में चल रहे थे।

रेवाड़ी तक पहुंचेगा नमो भारत कॉरिडोर
दिल्ली-गुरुग्राम-रेवाड़ी-बावल नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर की योजना में वर्ष 2026 के दौरान महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। 22 सितंबर को हरियाणा सरकार ने कॉरिडोर का संशोधित अलाइनमेंट अधिसूचित किया। करीब 93.5 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित कॉरिडोर में रेवाड़ी और बावल में स्टेशन बनाए जाने की योजना है। रेवाड़ी स्टेशन 83.47 किलोमीटर और बावल स्टेशन 93.57 किलोमीटर के चेनज पर प्रस्तावित हैं। ट्रेन की अधिकतम डिजाइन गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

एशियन और पैरा एशियन गेम्स में जिले के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान
वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में रेवाड़ी के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धियां हासिल कीं। जिले के गांव सुलखा निवासी निशानेबाज कमलजीत सिंह ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स में सुरुचि सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। दोनों ने 484.6 अंक हासिल कर एशियन रिकॉर्ड भी बनाया। वहीं, रेवाड़ी की खिलाड़ी चाहक यादव ने एशियन राइफल-पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में युवा महिला वर्ग में रजत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। 30 अक्तूबर को कमलजीत सिंह को तीन करोड़ रुपये तथा फेंसिंग खिलाड़ी सचिन और अनु प्रिया को 7.50-7.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

दो औद्योगिक इकाइयों से अब 1 हजार से अधिक कंपनियां हुईं
वर्ष 1978 के उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड में जिले में केवल दो बड़े और मध्यम औद्योगिक प्रतिष्ठान दर्ज थे। इसके बाद धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र और वर्ष 2005-06 से बावल में आईएमटी विकसित होने से औद्योगिक विस्तार को गति मिली। वर्ष 2010 तक जिले में बड़े और मध्यम स्तर की औद्योगिक इकाइयों की संख्या बढ़कर 168 हो गई। बावल और धारूहेड़ा में 700 से अधिक छोटी-बड़ी कंपनियां संचालित थीं, जिनमें 80 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। आज रेवाड़ी ऑटोमोबाइल, ऑटो पार्ट्स, मेटल और इंजीनियरिंग उद्योग के प्रमुख केंद्रों में शामिल है। कोसली में आईएमटी बनाने की तैयारी है।

मसानी बैराज से दूषित पानी निकालने की परियोजना पर काम जारी
धारूहेड़ा के मसानी बैराज में वर्षों से जमा दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए 217 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है। इसके तहत बैराज से दूषित पानी निकालकर शोधित करने और ड्रेन नंबर-8 तक पहुंचाने के लिए करीब 40 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। परियोजना के पहले चरण के लिए 125 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा तीन वाटर बॉडी भी विकसित की जाएंगी, ताकि पानी का संरक्षण और भूजल पुनर्भरण किया जा सके। परियोजना से आसपास के करीब 15 गांवों को राहत मिलने की उम्मीद है।

30 साल में बाजरा उत्पादन 314% और सरसों उत्पादन 181% बढ़ा
जिला बनने के बाद रेवाड़ी की कृषि में सिंचाई सुविधाओं और आधुनिक तकनीक के विस्तार से बड़ा बदलाव आया है। 1990-91 से 2020-21 के बीच बाजरा उत्पादन में लगभग 314 प्रतिशत और सरसों उत्पादन में 181 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। गेहूं उत्पादन 1.29 लाख टन से बढ़कर 1.66 लाख टन पहुंचा, यानी करीब 28.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2008-09 में जिले में 62,600 हेक्टेयर में बाजरा बोया गया था और उत्पादन 1.21 लाख टन था। वर्ष 2023-24 में गेहूं का उत्पादन 1.62 लाख टन और सरसों का 1.85 लाख टन दर्ज किया गया। कृषि में ट्यूबवेल, उन्नत बीज और कृषि मशीनरी की भूमिका बढ़ी है। हालांकि, भूजल पर बढ़ती निर्भरता चुनौती बनी हुई है।


जिले में 2026 में प्रमुख परियोजनाएं
परियोजना-----लागत-----वर्तमान स्थिति
एम्स माजरा 1,700 करोड़--- निर्माण जारी
रेवाड़ी नया बस स्टैंड, सेक्टर-12----65 करोड़---निर्माण जारी
धारूहेड़ा बस स्टैंड 12.78 करोड़----निर्माण जारी
कोसली नया बस स्टैंड 11.57 करोड़----शिलान्यास
नया नागरिक अस्पताल ----प्रस्तावित----नक्शा तैयार
सीवरेज परियोजना 150 करोड़---- प्रतीक्षा
पेयजल परियोजना 94 करोड़-----प्रतीक्षा
एम्स ओवरब्रिज सहित कार्य 330 करोड़ की स्वीकृति---तैयारी में
एम्स जलघर 26.83 करोड़---सैद्धांतिक मंजूरी
गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे 1,900 करोड़---निर्माण जारी
आरआरटीएस कॉरिडोर प्रस्तावित----अलाइनमेंट अधिसूचित

जिले में बना शिक्षा विभाग का कार्यालय। संवाद

जिले में बना शिक्षा विभाग का कार्यालय। संवाद

जिले में बना शिक्षा विभाग का कार्यालय। संवाद

जिले में बना शिक्षा विभाग का कार्यालय। संवाद

जिले में बना शिक्षा विभाग का कार्यालय। संवाद

जिले में बना शिक्षा विभाग का कार्यालय। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed