रेवाड़ी। श्रीश्याम सखा मंडल की ओर से सर्कुलर रोड स्थित गणपत नगर में भगवान श्रीश्याम प्रभु खाटु वाले के भव्य जागरण का आयोजन किया गया। अल सुबह तक चले इस जागरण में मनमोहक भजनों की प्रस्तुति पर देर रात्रि तक श्रद्धालु झूमते रहे। जागरण के समापन पर रविवार को भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। इस दौरान रेवाड़ी के गोपाल वर्मा ने भगवान श्रीगणेश की वंदना प्रस्तुत की। मनमोहक भजनों की शुरुआत श्रीमोहन दास महाराज द्वारा की गई। उनके द्वारा प्रस्तुत भजन ‘कही ना कहीं , कभी ना कहीं मेरा श्याम सलोना आएगा अपना मुझे बनायेगा, पर श्रद्धालु झूम झूम कर नाचने लगे।
जागरण में विशेष रूप से खाटु श्याम से पधारे श्रीमोहन दास महाराज भी शामिल हुए। जागरण का शुभारंभ मण्डल की कार्यकारिणी के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से भगवान श्रीश्याम प्रभु के चित्र के समक्ष ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम जयपुर से पधारी भजन गायिका उमा लहरी की भजन प्रस्तुति ‘निगाहें फेर क्यों बैठे मेरा तो और न कोई, तुम्हारे लाखों दीवाने मेरा तो और ना कोई’ ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। जोधपुर से आए दलीप गविया ने ‘ तेरे दरबार मे आना मेरा काम था, मेरी बिगड़ी बनाना तेरा काम है’ ने वहां मौजूद भक्तंों को झूमने को मजबूर कर दिया। कानपुर से आये संदीप दीक्षित द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय भजन ‘हम हाथ उठा कर कहते हैं, हम हो गये खाटु वाले के’ ने पूरे माहौल को श्रीश्याम मय कर दिया। इंदौर से पधारे तनिस्क ठाकुर द्वारा प्रस्तुत भजन ‘ दर्शन के नयन बावड़ै दर्शन दिया करो, भक्तों के घर भी सावँरे आते रहा करो’ ने भी खूब रंग जमाया। जागरण के सफल आयोजन में कार्यकारिणी के सदस्य पप्पू सिंह, मोहित शर्मा, नवीन रोहिल्ला, सतीश अग्रवाल, भोला चौधरी, तिलक सिंह, प्रदीप, हरीश कुमार, हिमांषु शर्मा, अश्विनी कुमार, चाँद यादव, भूपेश भल्ला, मुकेश पुलयानी, भीम सैनी, अनिल रस्तोगी, अमर गुप्ता, विकाश शर्मा, सचिन बंसल, डिम्पल पुलयानी व विकास गेरा का सराहनीय योगदान रहा।