गंगायचा टोल खुला: 76 दिन में 9 करोड़ 88 लाख का हुआ नुकसान, हाईवे स्थित पेट्रोल पंप संचालकों को भी हुई हानि
जा शुरू होने पर बढ़ी हुई दर के हिसाब से लोगों को टोल का भुगतान करना पड़ेगा। 20 किलोमीटर के दायरे में पर्सनल व्हीकल का 285 रुपये का पास अनिवार्य कर दिया है।
विस्तार
किसान आंदोलन के चलते 76 दिन बाद हरियाणा के रेवाड़ी में गंगायचा टोल रविवार की देर शाम से खुल गया है। अब गंगायचा टोल टैक्स से गुजरने वाले वाहन चालकों को टोल का भुगतान करना पड़ेगा। जिले में किसान आंदोलन के कारण बंद रहे टोल को 76 दिन में 9 करोड़ 88 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं किसान आंदोलन के चलते एक साल बंद से हाईवे के कारण पेट्रोल पंप संचालकों को अरबों रुपये की हानि हुई है।
किसान आंदोलन के चलते जिले के रेवाड़ी-रोहतक हाईवे एनएच 352 पर स्थित गंगायचा टोल को संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 27 सितंबर को बंद कराया गया था। शनिवार को किसानों की ओर विधिवत रूप से आंदोलन को समाप्त कर दिया गया है। वहीं रविवार को टोल प्लाजा को शुरू करने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया।
देर शाम से गंगायचा टोल शुरू हो गया है। अब टोल प्लाजा शुरू होने पर बढ़ी हुई दर के हिसाब से लोगों को टोल का भुगतान करना पड़ेगा। आंदोलन के चलते टोल प्लाजा को भी पूरी तरह बंद कर दिया था। बीते वर्ष के मुकाबले कार का टोल पांच रुपये, एलसीवी का टोल पांच रुपये, बस-ट्रक का टोल 5 रुपये, मल्टी एक्सेल का टोल 10 रुपये और ओवर साइज वाहनों का टोल 15 रुपये बढ़ा है। वहीं बिना फास्टैग टोल प्लाजा पार करने पर सरकार के आदेश के तहत वाहन चालकों से दोगुना रकम वसूली जाएगी।
सरकार की ओर से 15 फरवरी 2021 को वाहनों पर फास्टैग लगाना अनिवार्य कर दिया गया था। 0 से 20 किलोमीटर के दायरे में पर्सनल व्हीकल का 285 रुपये का पास अनिवार्य कर दिया है। एनएचएआई के गाइडलाइंस के अनुसार हरियाणा सरकार ने जो सब्सिडी मिलती थी, उसको बंद कर दिया है।
ढाई माह बाद फिर से शुरू हुई एनएएचआई की एंबुलेंस सेवा
एनएएचआई की ओर से हाईवे पर हादसों के दौरान लोगों को एंबुलेंस की सुविधा भी मुहैया करवाई जाती है, लेकिन तीन माह से यह सेवा बंद थी। ऐसे में हाईवे पर हादसों के बाद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हादसे के बाद मौके पर घायलों को एंबुलेंस नहीं मिल पाती थी। अब नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया की ओर से एंबुलेंस सेवा फिर से शुरू कर दी गई है।
हाईवे पर करीब 100 पेट्रोल पंप, सभी के संचालकों को हुआ नुकसान
पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधि बीरेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि किसान आंदोलन के चलते पेट्रोल पंप करीब एक साल से बंद थे। किसान आंदोलन के चलते हाईवे पर बंद था। इस कारण पेट्रोल पंप संचालकों का काम काफी प्रभावित हुआ है। इससे पहले कोराना के कारण उनको काफी नुकसान हुआ था। रेवाड़ी जिले में हाईवे पर करीब 100 पेट्रोल पंप हैं। एक पेट्रोल पंप संचालक को किसान आंदोलन के चलते करीब 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
टोल टैक्स रेट लिस्ट
वाहन कैटेगरी प्रतिदिन मासिक पास
- कार, जीप, वैन व एलएमवी 85 2750
- मिनी बस, एलवीसी व एलजीवी वाहन 130 4280
- बस अथवा ट्रक 265 8770
- मल्टी एक्सेल वाहन 405 13440
- ओवरसाइज वाहन 515 17125
रविवार की देर शाम टोल प्लाजा शुरू हो गया है। किसान आंदोलन के चलते टोल प्लाजा को काफी नुकसान हुआ है। सभी वाहनों को अनिवार्य तौर पर फास्टैग लगवाना पड़ेगा। टोल प्लाजा बंद रहने के चलते कुछ वाहन चालकों द्वारा फास्टैग रिचार्ज नहीं करवाए होंगे। बिना फास्टैंग वाले वाहनों से दोगना चार्ज लिया जाएगा। - ओम प्रकाश, टोल प्लाजा मैैनेजर