रेवाड़ी। गांव बोहतवास स्थित श्रीकृष्णा कॉलेज में रविवार को रक्तदान, टीकाकरण व दिव्यांग जागरूकता शिविर लगाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहतक सांसद डॉ. अरविंद शर्मा थे।
कार्यक्रम आयोजक व निवर्तमान जिला पार्षद अमित यादव के नेतृत्व में गणमान्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। रोहतक सांसद ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं। हाल ही में आयोजित पैरालंपिक खेलों में दिव्यांगजनों ने राष्ट्र का नाम विश्व स्तर पर ऊंचा किया है। केंद्र व राज्य सरकार दिव्यांगजनों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्प हैं। उन्होंने अहीर रेजिमेंट की मांग पर जोर देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य इस इसका गठन कराना है। इस मांग को पूरी कराने के लिए वह केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को साथ लेकर इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे। कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि जाटूसाना के राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास अगले दो माह के भीतर करा दिया जाएगा। उन्होंने रोहतक सांसद से हरियाणा एक्सप्रेस का ठहराव जाटूसाना रेलवे स्टेशन पर कराए जाने संबंधी मांग को पूरा कराने की बात भी रखी। दोनों अतिथियों ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजकुमार मक्कड़, सत्यव्रत शास्त्री, कमल, नीतू चौधरी, सरला देवी, रणधीर व हरिचरण सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने की।