पानीपत। तहसील कैंप के एक कार व्यापारी से दो युवक उज्जैन घूमने के लिए किराए पर कार मांगकर ले गए। एडवांस में आठ हजार रुपये किराया भी देकर गए, लेकिन बाद में कार नहीं लौटाई। व्यापारी कार मांगने घर पर गया तो आरोपियों ने कार खुर्द-बुर्द करने की बात कही और दोबारा कार मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। व्यापारी की शिकायत पर तहसील कैंप थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
तहसील कैंप निवासी सतपाल सिंह ने बताया कि उसकी नेहरू नगर, तहसील कैंप में एसी मोटर वर्कशॉप के नाम से फर्म है। वह गाड़ियां किराए पर देने और लेने का काम करता है। उसने स्विफ्ट कार किराए पर ली थी। उस गाड़ी को 24 मार्च 2023 को सोनू व विजय निवासी डाहर गांव 15 दिन के लिए किराए पर उज्जैन जाने के लिए ले गए थे। विजय ने एडवांस के रूप में आठ हजार रुपये उसके खाते में गूगल पे किए और कहा कि बाकी हिसाब आने के बाद कर देंगे। 15 दिन बाद उसने दोनों को फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह बीमार हो गए हैं। आने में सात दिन और लग जाएंगे, जिसके बाद वह दोनों के घर गया तो दोनों घर नहीं मिले। वह बार-बार उनके घर चक्कर लगाता रहा। एक दिन विजय घर पर मिला, उसने अपनी गाड़ी वापस मांगी तो विजय ने कहा कि उन्होंने गाड़ी खुर्द-बुर्द कर दी है। दोबारा गाड़ी मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। सतपाल ने कहा कि आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की और धोखे से कार लेकर गए।