सेक्टर-18 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सूरजभान राठी ने सेक्टर-11 निवासी इनेलो नेता और उसके मामा पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही सरकारी काम में बाधा डालने और अभद्रता करने का भी आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। हालांकि अभी पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
प्रधान सूरजभान राठी ने बताया कि वह 21 अगस्त को आरडब्ल्यूए के वरिष्ठ उपप्रधान परिवार कादियान, उपप्रधान नरेंद्र ढांडा, सतपाल नांदल और ओमप्रकाश सांगवान के साथ बागबानी विभाग की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्य का मुआयना करने के लिए गए थे। बागवानी विभाग ग्रीन बेल्ट की चाहरदीवारी का निर्माण कार्य कर रहा हैं। उस वक्त वहां पर बागवानी विभाग के एक्सईएन विनय लोहान, जेई कुलदीप सिंह, जेई अशोक कुमार भी मौजूद थे। बागबानी विभाग ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जा देखकर जेसीबी मंगाकर अवैध निर्माण को हटाना शुरू कर दिया, जिस पर ग्रीन बेल्ट पर कब्जा करने वाले इलेनो नेता ने अपने मामा को वहां पर कार्रवाई को रुकवाने के लिए भेजा। इनेलो नेता के मामा ने मौके पर आकर झगड़ा करना शुरू कर दिया। सरकारी अधिकारियों के साथ गालीगलौच की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में आरडब्ल्यूए प्रधान ने इनेलो नेता और उसके मामा के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।