बापौली। गांव छाजपुर कलां में पंचायती जमीन से रात को किए जा रहे अवैध खनन को रोकने के लिए प्रशासन खेतों में बनाए गए रास्तों को खुदवा दिया है, ताकि तस्कर यहां से निकल न पाए। बीडीपीओ राजेश सोनी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव छाजपुर कलां में अतौलापुर-बहरामपुर रोड पर ड्रेन नंबर 2 पुल के पास रात को अवैध खनन चल रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने जगह का निरीक्षण किया और जेसीबी मंगवाकर तस्करों के बनाए रास्तों को खुदवा दिया।
इस साथ ही अन्य सभी रास्ते जेसीबी से खुदवा दिए, ताकि तस्कर अवैध खनन न कर सकें। राजेश सोनी ने कहा कि किसी भी गांव में पंचायती जमीन व गड्ढ़ों से अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ एफ आईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वो पंचायती जमीन से अवैध खनन करने वालों की फोटो लेकर या फिर वीडियो बनाकर उनके पास भेज दें।