आवैसी पर हमले पर टिकैत बोले: ओवैसी भी भाजपा का है, वोट बांटने के लिए बनाई हमले की झूठी साजिश
राकेश टिकैत सर छोटू राम की जयंती के आयोजन पर शनिवार को हरियाणा के पानीपत पहुंचे थे। किसानों से आंदोलन के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर मजबूत राखणे पड़ैंगे, इबकै बंपर बी नीचे तक चाहिये।
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान आंदोलन की फिर से घोषणा कभी भी हो सकती है इसलिए ट्रैक्टर मजबूत राखणे पड़ैंगे, इबकै बंपर बी नीचे तक चाहिए। ट्रैक्टर के टायर पर भी लोहे के पतरे चाहिए क्योंकि वही आंदोलन पाड़ैगा...। वह शनिवार को हरियाणा के पानीपत स्थित किसान भवन में सर छोटू की राम की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे।
राकेश टिकैत ने असदुद्दीन ओवैसी पर उत्तर प्रदेश में हुए हमले को झूठा और साजिश बताया। उन्होंने कहा कि ओवैसी भी भाजपा का ही है। यह सब वोट बांटने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की आय आधी हो गई है, उन्हें अच्छी तरह पता कि किसे वोट देना है।
वहीं अपने इस बयान के साथ उन्होंने एक बार फिर सरकार के खिलाफ किसान आंदोलन का संकेत दे दिया है। उन्होंने किसानों से इशारों में कहा कि चोर घर तक आए थे और खाली हाथ गए हैं। अब उनको रास्ता पता चल गया है, दोबारा चोरी करने आएगा। ऐसे में किसान संगठन और ट्रैक्टर को मजबूत रखें। साथ ही किसान अपने ट्रैक्टर को टैंक समझें।
आने वाला आंदोलन बेरोजगार युवा करेगा
राकेश टिकैत ने कहा कि आने वाले समय में आंदोलन देश का युवा करेगा। बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है, अब युवाओं को आंदोलन करना पड़ेगा। युवाओं के आंदोलन में किसान संगठन उनके पीछे खड़ा रहेगा क्योंकि किसानों के घर में भी युवा है और वह भी बेरोजगार है। इसके साथ ही युवाओं से कहा कि अच्छे से पढ़ाई लिखाई पर ध्यान दें।