पानीपत। पुराना औद्योगिक पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी से एक दो बच्चों का पिता दो सगी बहनों को लेकर भाग गया। आरोपी ने बड़ी बहन से खुद शादी कर ली जबकि नाबालिग छोटी बहन को अपने दोस्त को सौंप दिया। आरोपी पहले इन दोनों बहनों से राखी बंधवाने घर आता था। इसके बाद इनका प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। लड़कियों के पिता ने इसकी शिकायत पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जुटी है।
पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला है। उसकी दो बेटियां है। जिनमें बड़ी बेटी 18 साल व छोटी बेटी 16 साल है। दोनों बेटियां 31 जनवरी की शाम करीब 5:10 बजे से घर से लापता है। दोनों की उन्होंने काफी तलाश की लेकिन वे नहीं मिली। दोनों बेटियों को गोंडा जिले का रहने वाला 35 वर्षीय बृजेश ले गया है। बड़ी बेटी को वह अपने साथ रखता है, जबकि छोटी बेटी को वह अपने दोस्त सोनू निवासी गांव बिंझौल को सौंप दिया है। आरोपी बृजेश उसकी बेटियों को ले गया है। इससे पहले 22 नवंबर को भी वह दोनों को ले गया था। फिर उन्होंने उन्हें तलाश कर लिया था। अब दोबारा फिर आरोपी दोनों बहनों को ले गया है। उसकी पुलिस से मांग है कि जल्द उसकी बेटियों की तलाश की जाए।