पानीपत। आठ मरला चौक पर स्थित एक कैफे में लड़की ने सेल्फी लेने की कोशिश की तो मेज टूट गई। कैफे के मालिक ने युवतियों के साथ आए लड़कों से हर्जाना मांगा तो उन्होंने अपने दोस्तों को बुलाकर कैफे में तोड़ फोड़ की और मालिक की धुनाई कर दी। युवक यहां कैफे के मालिक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कैफे के मालिक ने इसकी शिकायत मॉडल टाउन थाना पुलिस में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में आरोपी युवकों पर केस दर्ज कर लिया है।
काबड़ी रोड स्थित भारत नगर निवासी रिंकू ने मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 8 मरला चौक पर फूड फैमिली नाम से फूड शॉप है। उसके भाई मोनू कुमार ने कैफे के साथ ही होटल भी खोला हुआ है। 27 सितंबर की शाम करीब 6:20 बजे गांव बिंझौल निवासी सचिन, विशु दो लड़कियों के साथ उसके कैफे में खाने-पीने के लिए आए। वह चारों अपने फोन से फोटो खींच रहे थे। इस दौरान एक लड़की टेबल पर बैठ गई, जिससे टेबल टूट गई। मोनू ने उनसे कहा कि टूटी टेबल से जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई उन्हें करनी होगी। इसी बात पर दोनों लड़कों ने मोनू की पिटाई शुरू कर दी। रिंकू ने बताया कि वह बाहर गया हुआ था। सूचना मिलने पर वह तुरंत कैफे में पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने दोनों लड़कों को समझाने की कोशिश की पर उन्होंने अपने पांच अन्य दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने कैफे में तोड़ फोड़ की। मोनू और उसके दोस्तों ने कैफे की सफाई करने वाली लड़की मोहिनी के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।